कृषि भूमि का इंतकाल शिकायतकर्ता के नाम दर्ज कराने की एवज में मांगी थी रिश्वत
व्यासपुर तहसील स्थित पटवारी कार्यालय में बिछाया गया ट्रैप, आरोपी से रिश्वत की पूरी राशि बरामद
व्यासपुर, यमुनानगर। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) ने यमुनानगर जिले की व्यासपुर तहसील में तैनात हलका पटवारी के निजी सहायक को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर शिकायतकर्ता की कृषि भूमि का इंतकाल उसके नाम दर्ज कराने की एवज में अवैध रिश्वत मांगने का आरोप है।
इंतकाल दर्ज कराने के बदले मांगे थे 10 हजार रुपये
शिकायतकर्ता ने एसीबी को शिकायत दी थी कि हलका पटवारी के निजी सहायक ने उसकी कृषि भूमि का इंतकाल उसके नाम दर्ज कराने के बदले 10,000 रुपये की रिश्वत की मांग की है। शिकायत के आधार पर एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी को व्यासपुर तहसील स्थित पटवारी कार्यालय में शिकायतकर्ता से 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। मौके से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई।
इंस्पेक्टर तेजपाल के नेतृत्व में की गई कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव फकीर माजरा निवासी के रूप में हुई है। आरोपी हलका पटवारी के निजी सहायक के रूप में कार्य कर रहा था। यह ट्रैप एसीबी यूनिट यमुनानगर द्वारा लगाया गया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
इस संबंध में थाना SV&ACB पंचकूला में एफआईआर संख्या 16, दिनांक 2 नवंबर 2026, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 एवं 7A तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में नियमानुसार आगामी जांच एवं कानूनी कार्रवाई जारी है।



