यमुनानगर/सढ़ौरा: हरियाणा के बिलासपुर क्षेत्र के अंतर्गत सढ़ौरा थाने में एक गंभीर मामले में एफआईआरदर्ज की गई है। उपमंडल अधिकारी एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह (HCS) पर अवैध खनन सामग्री ले जा रहे एक डंपर और उसकी सुरक्षा (एस्कॉर्ट) में चल रही एक क्रेटा कार द्वारा कुचलने का प्रयास करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है।
रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम के दौरान की घटना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय की है जब एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में भाग लेने के लिए सढ़ौरा स्थित PWD विश्राम गृह जा रहे थे। सढ़ौरा PWD विश्राम गृह के पास उन्होंने अवैध खनन सामग्री ले जाने के संदेह में एक डंपर/ट्रक को रुकने का इशारा किया।
डंपर ने चढ़ाने का किया प्रयास, क्रेटा कार ने किया रास्ता ब्लॉक
शिकायत में बताया गया है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय एसडीएम पर डंपर चढ़ाने की नीयत से उसकी गति बढ़ा दी, जिससे अधिकारी ने बमुश्किल अपनी जान बचाई। इस बीच, डंपर के पीछे एस्कॉर्ट कर रही सफेद रंग की हुंडई क्रेटा कार बीच में आ गई। क्रेटा चालक ने जानबूझकर गाड़ी से रास्ता ब्लॉक कर दिया और अचानक ब्रेक लगाकर एसडीएम के वाहन को रोक लिया, ताकि अवैध खनन कर रहे डंपर को आसानी से भगाया जा सके।
अधिकारी द्वारा पीछा किए जाने पर आरोपी वाहन मुलाना की तरफ फरार हो गए। इस पूरी घटना का वीडियो मोबाइल से रिकॉर्ड भी किया गया है, जिसे साक्ष्य के तौर पर संलग्न किया गया है।
इन धाराओं के तहत मामला दर्ज
घटना की शिकायत ईमेल के जरिए थाना सढ़ौरा एसएचओ को भेजी गई, जिसके आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है पुलिस अधिकारियों द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी लखविंद्र सिंह ने बताया कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।





