मेला प्रशासक डॉ. कुलदीप सिंह ने विधिवत पूजा-अर्चना कर ऋण मोचन सरोवर में प्रवाहित कराया जल
हरियाणा और अन्य राज्यों से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद, प्रशासन ने तैयारियां कीं शुरू
व्यासपुर, 27 अक्तूबर: महर्षि वेद व्यास की पावन कर्मस्थली व्यासपुर (बिलासपुर) स्थित तीर्थराज कपाल मोचन में प्रसिद्ध धार्मिक एवं ऐतिहासिक अंतरराज्यीय ‘श्री कपाल मोचन एवं श्री आदि बद्री मेला’ इस वर्ष 20 से 24 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
मेले की पूर्व तैयारियों और धार्मिक परंपराओं के सुचारू निर्वहन के तहत मंगलवार को मेला प्रशासक एवं उपमंडल अधिकारी (ना.) व्यासपुर डॉ. कुलदीप सिंह तथा विद्युत नियामक बोर्ड के चेयरमैन मुकेश गर्ग ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद पवित्र ऋण मोचन सरोवर में जल प्रवाहित करवाकर धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता का प्रतीक

इस अवसर पर विद्युत नियामक बोर्ड के चेयरमैन मुकेश गर्ग ने कहा कि श्री कपाल मोचन मेला धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत विशेष महत्व रखता है। मेले के दौरान न केवल हरियाणा, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु पवित्र सरोवरों में आस्था की डुबकी लगाने पहुंचते हैं। श्रद्धालु सरोवरों में स्नान और पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। उन्होंने बताया कि मेले के औपचारिक शुभारंभ से कई दिन पहले ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो जाता है। यह मेला हमारी सांस्कृतिक परंपराओं और आपसी भाईचारे का अनूठा प्रतीक है।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्राथमिकता: डॉ. कुलदीप सिंह

मेला प्रशासक डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि मेले के सफल और सुरक्षित आयोजन के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं को रहने, पीने के पानी, स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभागों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि सभी श्रद्धालु शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में अपनी धार्मिक परंपराओं का निर्वहन कर सकें।

ये गणमान्य व्यक्ति रहे उपस्थित

जल प्रवाह कार्यक्रम के दौरान मार्केट कमेटी व्यासपुर के चेयरमैन विपिन सिंगला, सरपंच प्रतिनिधि पंकुश खुराना, श्री रविदास मंदिर से महंत निर्मल दास, भूषण गुर्जर, नायब तहसीलदार रविन्द्र कुमार, कुलदीप सिंह तथा जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी (पब्लिक हेल्थ) विभाग के एसडीओ जफर इकबाल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
Sharing

Leave a Reply

error: Content is protected !!