पंचकूला। हरियाणा वन विभाग ने निलंबित चल रहे वन रेंज अधिकारी मनीर गुप्ता को सेवा में बहाल कर दिया है। यह आदेश प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख, हरियाणा, पंचकूला द्वारा जारी किया गया है। आदेश क्रमांक 17, दिनांक 04 मई 2026 के तहत यह कार्रवाई अमल में लाई गई। इससे पहले वन विभाग ने सस्पेंड किए गए डीएफओ विशाल कौशिक को भी बहाल कर मोरनी-पिंजौर डिविजन में लगा दिया था।
गौरतलब है कि मनीर गुप्ता को इससे पहले कार्यालय आदेश क्रमांक 2052-56, दिनांक 25 मार्च 2026 के माध्यम से हरियाणा सिविल सेवा (दंड एवं अपील) नियम, 2016 के नियम-5 के तहत निलंबित किया गया था। निलंबन के दौरान उन्हें मुख्यालय, निदेशालय स्तर पर अटैच किया गया था।
अब जारी ताजा आदेश में स्पष्ट किया गया है कि उनकी बहाली “जांच लंबित रहने (without prejudice to the pending enquiry)” की शर्त पर की गई है। इसका सीधा अर्थ है कि विभागीय जांच पहले की तरह जारी रहेगी और बहाली का उस पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
विभाग ने मनीर गुप्ता को तत्काल प्रभाव से सेवा में लेते हुए वन मंडल अधिकारी, मोरनी-पिंजौर के कार्यालय में तैनात कर दिया है।
सूत्रों के अनुसार, विभाग ने यह कदम प्रशासनिक संतुलन और कार्यप्रणाली को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया है। हालांकि, यह भी स्पष्ट है कि संबंधित मामले में जांच पूरी होने के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
आदेश की प्रतिलिपि प्रधान मुख्य वन संरक्षक (प्रशासन), अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वनिकी), वन संरक्षक उत्तरी परिमंडल अंबाला, उप वन संरक्षक मुख्यालय, वन मंडल अधिकारी मोरनी-पिंजौर सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को सूचना एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई है।




