चंडीगढ़। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी मुहिम को जारी रखते हुए जिला जींद में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ब्यूरो की टीम ने पुश्तैनी भूमि की इंतकाल में संशोधन करने के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में एक महिला पटवारी और उसके पति  को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, करनाल में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7, 7ए तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

क्या था मामला

शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को शिकायत दी थी कि उसकी पैतृक भूमि की इंतकाल अपने तथा अपने भाइयों के नाम दर्ज कराने के लिए उचाना में तैनात हल्का पटवारी और उसके पति  द्वारा 8,000 रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत के सत्यापन के उपरांत SV&ACB करनाल इकाई, जींद की टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी को उचाना बस स्टैंड के निकट एक पेट्रोल पंप पर शिकायतकर्ता से 8,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। जांच में यह सामने आया कि आरोपी अपनी पत्नी , जो उचाना में हल्का पटवारी के पद पर कार्यरत है, के साथ मिलीभगत कर रिश्वत की मांग कर रहा था।इसके बाद ब्यूरो की टीम ने सह-आरोपी नीलम को उसके गांव काकड़ोद स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया। मामले की गहन जांच जारी है।

Sharing

Leave a Reply

error: Content is protected !!