यमुनानगर (बिलासपुर)। हरियाणा के यमुनानगर जिले के अंतर्गत आने वाले विकास खंड बिलासपुर की ग्राम पंचायत काठगढ़ में पंचायती और शामलात भूमि पर धड़ल्ले से चल रहे अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। एक तरफ जहाँ खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (BDPO) बिलासपुर ने हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो (Enforcement Bureau) को पत्र लिखकर अज्ञात खनन माफियाओं के खिलाफ तत्काल कानूनी मुकदमा दर्ज करने की मांग की है, वहीं दूसरी तरफ कर्तव्य में लापरवाही बरतने और बार-बार दिए गए मौखिक आदेशों की अवहेलना करने के आरोप में स्थानीय सरपंच और ग्राम सचिव को भी सख्त ‘कारण बताओ’ (शो-कॉज़) नोटिस जारी कर 3 दिन में जवाब मांगा है। इस मामले को यमुनापोस्ट ने कुछ दिन पहले प्रमुखता से उठाया था।

सोमनदी पुल के पास देर रात खेतों को खोद रहा था माफिया, पुलिस से केस दर्ज करने की मांग

बीडीपीओ बिलासपुर द्वारा थाना प्रबंधक, हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो (यमुनानगर) को जारी किए गए आधिकारिक पत्र क्रमांक 608 (दिनांक 16/06/2026) को मामला दर्ज करने के लिए लिखा गया है।

इस शिकायत पत्र के अनुसार, ग्राम पंचायत काठगढ़ द्वारा 15 जून 2026 को प्रस्ताव संख्या 01 पारित कर खंड कार्यालय को सूचित किया गया था कि 11 जून 2026 की देर रात्रि को कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा सोमनदी पुल से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित पंचायती व शामलात भूमि से अवैध रूप से भारी खनन किया गया। दिनांक 14.06.2026 को जब सरपंच ने मौके का निरीक्षण किया, तो वहाँ अवैध रूप से खोदे गए गहरे गड्ढे और ट्रैक्टर-ट्रॉली के टायरों के निशान पाए गए। बीडीपीओ ने इस प्रस्ताव को आधार बनाते हुए एनफोर्समेंट ब्यूरो से अज्ञात माफियाओं के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई करने का पुरजोर अनुरोध किया है।

लापरवाही पर सरपंच और ग्राम सचिव को 3 दिन का अल्टीमेटम

अवैध खनन के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के साथ-साथ बीडीपीओ कार्यालय ने स्थानीय स्तर पर लापरवाही बरतने वाले जनप्रतिनिधियों पर भी शिकंजा कस दिया है। इसी कड़ी में जारी दूसरे पत्र क्रमांक 616 (दिनांक 16/06/2026) के माध्यम से सरपंच राजबीर और ग्राम सचिव संदीप कुमार को नोटिस थमाया गया है।

इस पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि काठगढ़ की पंचायती भूमि पर निरंतर अवैध खनन की गतिविधियां संचालित हो रही थीं, जिसके बारे में दोनों को पूर्व में भी कई बार मौखिक निर्देश देकर तुरंत खनन रुकवाने और पंचायत संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया था। इसके बावजूद खनन जारी रहने से साफ है कि इन्होंने अपने कर्तव्यों का निर्वहन नहीं किया। बीडीपीओ ने दोनों को चेतावनी दी है कि इस पत्र के मिलने के 03 दिनों के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें कि क्यों न उनके खिलाफ विभागीय/अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। जवाब न मिलने या असंतोषजनक पाए जाने पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

नुकसान का आकलन कर दर्ज होगी एफआईआर, डीसी को भेजी रिपोर्ट

मामले की गंभीरता को देखते हुए बीडीपीओ कार्यालय (पृ० क्रमांक 609-613) द्वारा इस पूरी कार्रवाई की कॉपियां उपायुक्त (डीसी) यमुनानगर, उपमण्डल अधिकारी (ना०) बिलासपुर और जिला खनन अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई हैं।

इस मामले में एसडीएम बिलासपुर डा. कुलदीप सिंह ने बताया कि अवैध खनन किसी भी सूरत में नहीं होने दिया जाएगा ओर उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Sharing

Leave a Reply

error: Content is protected !!