इंतकाल दर्ज कर उसकी प्रति उपलब्ध करवाने की एवज में मांगी थी रिश्वत
निजी सहायक को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा, पूछताछ के बाद हलका पटवारी भी गिरफ्तार
चंडीगढ़/सोनीपत। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) ने सोनीपत के कबीरपुर क्षेत्र में तैनात हलका पटवारी से और उसके निजी सहायक को 7,000 रुपये की रिश्वत के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपी निजी सहाय को शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया, जिसके बाद हलका पटवार को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
इंतकाल दर्ज करने और उसकी प्रति देने के बदले मांगी थी रिश्वत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने एसीबी को शिकायत दी थी कि हलका पटवारी और उसका निजी सहायक उसके नाम इंतकाल दर्ज करने तथा उसकी प्रति उपलब्ध करवाने के बदले 7,000 रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत के आधार पर एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। कार्रवाई के दौरान निजी सहायक को शिकायतकर्ता से 7,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। इसके बाद मामले में संलिप्तता के आरोप में हलका पटवारी को भी गिरफ्तार किया गया।
एसीबी यूनिट भिवानी द्वारा बिछाया गया ट्रैप
यह कार्रवाई एसीबी यूनिट भिवानी के इंस्पेक्टर जगजीत सिंह के नेतृत्व में की गई। ट्रैप के दौरान राजपत्रित अधिकारी के रूप में निखिल राठी, एक्सईएन, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (HSAMB), भिवानी मौजूद रहे। ट्रैप की कार्रवाई में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया गया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
इस संबंध में थाना SV&ACB रोहतक में एफआईआर संख्या 36, दिनांक 11 नवंबर 2026, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 एवं 7A के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को 11 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की जांच एवं नियमानुसार कानूनी कार्रवाई जारी है।




