कालका/पिंजौर (पंचकूला):
हरियाणा के पंचकूला जिले के पिंजौर थाना अंतर्गत गाँव रामनगर (खोली मढावाला) में पंचायत भूमि से कीमती खैर के पेड़ काटे जाने का गंभीर मामला सामने आया है। अज्ञात चोरों ने पंचायत की भूमि से कुल 8 खैर के पेड़ काट लिए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 2,60,000 रुपये बताई जा रही है।
ग्राम पंचायत की शिकायत के बाद पिंजौर पुलिस ने बीएनएस (BNS) और भारतीय वन अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वन विभाग की रिपोर्ट से हुआ खुलासा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन राजिक अधिकारी (रेंज अधिकारी) कालका द्वारा ग्राम पंचायत को पत्र भेजकर सूचित किया गया था कि गाँव रामनगर की पंचायत भूमि पर 2 खैर के पेड़ काटे गए हैं और इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के निर्देश दिए गए थे।
इस सूचना पर जब रामनगर ग्राम पंचायत की सरपंच सुखजिंदर कौर और पंचायत सदस्यों ने मौके का निरीक्षण किया, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पंचायत भूमि पर केवल 2 ही नहीं, बल्कि 6 और खैर के पेड़ काटे गए थे।
गाँव से दूर होने का फायदा उठाकर चोरी
सरपंच सुखजिंदर कौर ने बताया कि जिस जगह से पेड़ काटे गए हैं, वह भूमि गाँव की मुख्य आबादी से काफी दूरी पर स्थित है। सुनसान इलाका होने के कारण लकड़ी तस्करों/चोरों को आसानी से चोरी करने का मौका मिल गया और स्थानीय लोगों को इसकी भनक तुरंत नहीं लग सकी।
ग्राम पंचायत की बैठक में प्रस्ताव पारित कर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (BDPO) के माध्यम से चौकी इंचार्ज मढावाला और थाना पिंजौर को लिखित शिकायत भेजी गई।
पुलिस कार्रवाई और कानूनी धाराएँ
सरपंच की लिखित दरखास्त के आधार पर पिंजौर पुलिस ने अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।




