पंचकूला :-पंचकूला पुलिस ने अनुशासनहीनता के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की है। रामगढ़ चौकी क्षेत्र में तैनात ईआरवी कर्मी एसपीओ जयवीर सिंह द्वारा एक व्यक्ति के साथ मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने मामले का तुरंत संज्ञान लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति के क्षेत्र में घूमने की सूचना दी गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां संबंधित व्यक्ति नशे की हालत में पाया गया। इसी दौरान एसपीओ जयवीर सिंह द्वारा उसके साथ मारपीट किए जाने की घटना सामने आई, जिसका वीडियो वायरल हो गया।

मामला डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता के संज्ञान में आते ही उन्होंने पूरे प्रकरण की गंभीरता से समीक्षा की और तत्काल प्रभाव से एसपीओ जयवीर सिंह को सेवा से बर्खास्त करने के आदेश जारी किए। डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने स्पष्ट कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता, दुर्व्यवहार और शक्ति के दुरुपयोग के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस का मूल उद्देश्य आमजन की सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखना और नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करना है। किसी भी पुलिसकर्मी द्वारा निर्धारित आचरण के विपरीत कार्य किए जाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि पंचकूला पुलिस आमजन के विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है तथा विभाग में जवाबदेही और अनुशासन बनाए रखने के लिए भविष्य में भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Sharing

Leave a Reply

error: Content is protected !!