अवैध खनन पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, उपायुक्त के औचक निरीक्षण में मिली अनियमितताएं

गांव शाहजापुर में 25 फीट गहरी अवैध खुदाई पकड़ी गई, भू-स्वामी को नोटिस जारी

पंचकूला : अवैध माइनिंग पर पूर्ण अंकुश लगाने के उद्देश्य से उपायुक् सतपाल शर्मा ने तहसील रायपुररानी में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गांव शाहजापुर में लगभग 5 एकड़ भूमि पर अवैध खनन गतिविधियां संचालित होती पाई गईं।

उपायुक्त के निर्देश पर की गई प्रारंभिक जांच में सामने आया कि संबंधित भूमि पर नियमों की अवहेलना करते हुए 20 से 25 फीट की गहराई तक खुदाई की गई थी। जांच में यह भी पाया गया कि भूमि से बजरी एवं अन्य खनिजों का अवैध रूप से खनन किया गया। खनन के बाद निकाली गई मिट्टी, बजरी और अन्य खनिजों के स्थान पर दोबारा भराव किए जाने के भी प्रमाण मिले।

मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त सतपाल शर्मा ने संबंधित भू-स्वामी के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। नोटिस के माध्यम से यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि किसकी अनुमति से उक्त भूमि पर अवैध खनन गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।

उपायुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिला प्रशासन अवैध माइनिंग के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत कार्य कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना अनुमति खनन गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने दोहराया कि अवैध खनन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर तहसीलदार बरवाला संजीव अत्री भी उपस्थित थे।

Sharing

Leave a Reply

error: Content is protected !!