नानकपुर ब्लाक के स्टाफ की लापरवाही आ्ई सामने, मगर लगातार कटान से पूरे विभाग की वन सुरक्षा के प्रति गंभीरता पर उठ रहे है सवाल
पंचकूला। कालका रेंज के अंतर्गत आने वाले नानकपुर ब्लॉक के कौना बीट के जंगल (R-71C-9) में कीमती खैर के 10 पेड़ों के अवैध कटान और चोरी का मामला सामने आया है। चोरी हुई वन संपदा की अनुमानित कीमत 2,80,000 रुपये आंकी गई है। कालका रेंज के वन राजिक अधिकारी योगेन्द्र दलाल की लिखित शिकायत पर पिंजौर पुलिस ने एफआईआार दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर से वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। यह डिविजन उसी जिले में आती है जहां पर विभाग का वन मुख्यालय स्थित है, यानी नाके नीचे ही तस्कर वन व पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहे है।
गश्त के दौरान संदिग्ध गतिविधियां और खुलासा
शिकायत के अनुसार, 19-20 नवंबर 2026 की रात वन राजिक अधिकारी योगेन्द्र दलाल अपने स्टाफ—छूट प्राप्त वन दरोगा गुरमीत सिंह और वन दरोगा दीपक कुमार—के साथ संवेदनशील जंगल R-71C-9 से गुजरने वाली कौना लिंक रोड पर गश्त कर रहे थे। गश्त के दौरान एक हीरो स्प्लेंडर (Hero Splendor) मोटरसाइकिल पर सवार कुछ लोग बार-बार चक्कर लगाते हुए संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। पुलिस व वन टीम द्वारा पीछा करने पर आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर गांव के रास्ते से फरार हो गए और अंधेरे के कारण वाहनों के नंबर की पहचान नहीं हो सकी।
हालांकि, मोटरसाइकिल पर मौजूद एक व्यक्ति की पहचान विभाग में पहले रखवाली करने वाले के बेटे के रूप में हुई। शिकायत में बताया गया है कि बीते कुछ दिनों से आरोपी, उसका साथी तथा गिरोह के अन्य सदस्य एक सफेद मारुति स्विफ्ट (Maruti Swift) कार में भी जंगल के आसपास कई बार देखे गए थे।
20 नवंबर को निरीक्षण और वन अपराध रिपोर्ट
संदेह के आधार पर राखे टेकचंद को बुलाकर जंगल की छानबीन कराई गई, जिसमें सड़क से कुछ ही दूरी पर खैर के ताजे कटे हुए पेड़ मिले। इसके बाद 20 नवंबर 2026 की सुबह योगेन्द्र दलाल ने गुरमीत सिंह और दीपक कुमार के साथ मौके का निरीक्षण किया। जांच में कौना लिंक रोड के पास खैर के कुल 10 पेड़ कटे पाए गए। टीम ने मौके के GPS Coordinates (Latitude 30° 52′ 32″ N, Longitude 76° 49′ 17″ E)** दर्ज किए और वन अपराध रिपोर्ट संख्या **066/0005** (दिनांक 20.11.2026) तैयार की।
मुखबिर और राखे की जांच में सामने आए तथ्य
मुखबिर और राखे से मिली जानकारी के आधार पर शिकायत में यह बात सामने आई है कि यह अवैध कटान घटना से 3-4 दिन पहले किया गया था। आरोप है कि इसे पूर्व राखे उसके बेटे तथा रामपुर जंगी गांव से बुलाए गए सहयोगियों ने अंजाम दिया। लकड़ी काटने के औजार पहले से वन अपराध के मामले में पहले से आरोपी निवासी गांव खोलमौला से मांग कर लाए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है।
पंजाब में बेची गई लकड़ी, अब लकीर पीटने में लगा विभाग
यह भी आशंका जताई गई है कि काटी गई कीमती लकड़ी को मुख्यतः साथ लगते पंजाब क्षेत्र में सरपंच के आरे पर ले जाया गया है, और आरोपी के मोबाइल की कॉल डिटेल व लोकेशन खंगालने से पूरे गिरोह व लकड़ी ठिकाने लगाने के स्थानों का खुलासा हो सकता है। शिकायतकर्ता ने नानकपुर ब्लॉक के स्टाफ की ओर से समय पर सूचना न दिए जाने को लेकर लापरवाही का भी जिक्र किया है। अब सांप निकल गया है तो विभाग लकीर पीटने में लगा हुआ है, केवल लापरवाही की बात की जाती है मगर कार्रवाई कुछ नही होती है।
किन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने यह मुकदमा भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 303** तथा भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 32 और 33 के तहत दर्ज किया है।
|




