प्रतापनगर (यमुनानगर): यमुनानगर जिले के चिक्कन वन्यजीव विहार से लकड़ी तस्करों द्वारा अवैध रूप से खैर के पेड़ काट लिए गए। जब वन्य प्राणी विभाग की टीम खैर से लदी कार का पीछा कर रही थी तो एक खैर तस्कर ने सरकारी गाड़ी के आगे अपनी बाइक अड़ा कर लकड़ी से भरी गाड़ी को भगा दिया। इस पूरे मामले में विभाग ने पुलिस को शिकायत देकर तीन आरोपियों के खिलाफ बीएनएस वाइल्ड लाइफ एक्ट के तहत मामला दर्ज करा दिया है।
क्या है पूरा मामला? वन्यजीव निरीक्षक राजबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 29 जुलाई 2026 को डारपूर बीट के रकबा चिक्कन कम्पार्टमेंट नंबर 7 से खैर के 6 पेड़ों की अवैध कटाई हुई थी। गुप्त सूचना के आधार पर पता चला कि यह कटाई गांव चिक्कन निवासी असलम, मुरसलीन और जाकिर ने की है और चोरी की लकड़ी मुरसलीन के घर पर रखी हुई है।सूचना यह भी थी कि 2 अगस्त 2026 को आरोपी सफेद रंग की स्विफ्ट कार (HR-26BY-7170) में लकड़ी भरकर बेचने ले जाएंगे।
बाइक आगे लगाकर कार भगाई, विभाग को दी धमकी सूचना के आधार पर जब वन्यजीव विभाग की टीम 2 अगस्त को दोपहर करीब 12:15 बजे सरकारी गाड़ी से मौके पर पहुंची, तो एक स्विफ्ट कार आती दिखाई दी। टीम ने कार रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी भगा ली। इसी दौरान आरोपी मुरसलीन ने अपनी मोटरसाइकिल वन्यजीव विभाग की सरकारी गाड़ी के आगे लगा दी, काफी दूर तक सरकारी गाड़ी के रास्ते में बाधा डालने से खैर तस्करों की गाड़ी फरार होने में सफल हो गई।जिससे लकड़ी से लदी कार फरार होने में कामयाब रही। आरोप है कि आरोपी ने विभाग की टीम के साथ गाली-गलौज की, गांव में आने पर जान से मारने की धमकी दी और सरकारी काम में बाधा डाली।
कानूनी कार्रवाई शिकायत के आधार पर प्रतापनगर थाना पुलिस ने 4 अगस्त 2026 को FIR दर्ज की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 303, 351(2), 221 तथा वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



