छछरौली, यमुनानगर।
हरियाणा के यमुनानगर जिले के छछरौली थाना क्षेत्र स्थित  छछरौली-दादुपुर रोड पर  शुक्रवार सुबह उस वक्त भीषण हादसा हो गया, जब एक टायर-ऑयल फैक्ट्री (‘एमएस यश ट्रेडिंग कंपनी’) में अचानक जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री में भीषण आग लग गई।

धमाका इतना तेज था कि इसकी गूंज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। हादसे के दौरान फैक्ट्री में बने कमरों के परखच्चे उड़ गए।

25 मजदूर मौजूद थे, 2 लोग झुलसे

हादसे के समय फैक्ट्री परिसर में बने मजदूरों के आवास और आसपास करीब 25 मजदूर मौजूद थे। धमाके की आवाज सुनते ही मजदूरों में भगदड़ मच गई और उन्होंने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। इस हादसे में मजदूर महेश और एक ट्रक चालक गंभीर रूप से झुलस गए हैं। दोनों घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

8 गाड़ियां और 3 घंटे से ज्यादा की मशक्कत

घटना की सूचना मिलते ही छछरौली थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी दमकल की गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। आग की विकरालता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की 7 से 8 गाड़ियां तैनात की गईं। टायरों और तेल की मौजूदगी के कारण आग काफी तेजी से फैली, जिसे बुझाने में दमकलकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

लाखों का नुकसान, गैस बैलून फटने की आशंका

इस भयानक आगजनी में फैक्ट्री परिसर में खड़ा एक ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो गया और वहां रखा भारी मात्रा में टायरों का स्टॉक नष्ट हो गया। हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। पुलिस व फायर ब्रिगेड अधिकारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने और स्थिति सामान्य होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर पुष्टि की जाएगी।
Sharing

Leave a Reply

error: Content is protected !!