बराड़ा (अम्बाला)
जिला नगर योजनाकार (DTP) अम्बाला के दस्ते ने अर्बन एरिया बराड़ा में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 7.5 एकड़ भूमि पर विकसित की जा रही 3 अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माणों को पूरी तरह से जमींदोज कर दिया गया।
कार्रवाई का विवरण:
-
गांव रूकड़ी एवं धीन: लगभग 3.0 एकड़ क्षेत्र (खसरा नंबर 8//7 मिन, 14 मिन, 17 मिन रूकड़ी तथा 37//7 मिन धीन) में बनी अवैध कॉलोनी।
-
गांव बुढ़िया: लगभग 2.0 एकड़ (खसरा नंबर 244, 245, 246) तथा लगभग 2.5 एकड़ (खसरा नंबर 46, 51, 58/1) क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियां।
तोड़-फोड़ की इस कार्रवाई के दौरान कॉलोनियों में अवैध रूप से बिछाई गई पानी की सप्लाई लाइन, सीवरेज नेटवर्क, पक्की सड़कों के जाल और कच्ची-पक्की नीवों (डीपीसी) को पूरी तरह से नष्ट कर दिया गया।
प्रशासन की मौजूदगी:
कार्रवाई के दौरान मौके पर जिला नगर योजनाकार श्रीमती गुंजन वर्मा, कनिष्ठ अभियंता (JE) अभिषेक कौशिक, क्षेत्रान्वेषक रविंद्र और इन्फोर्समेंट पुलिस स्टेशन के एस.एच.ओ. भारी पुलिस बल के साथ तैनात रहे, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।
आमजन के लिए चेतावनी व अपील:
जिला नगर योजनाकार श्रीमती गुंजन वर्मा ने आमजन को सतर्क करते हुए कहा कि वे प्रॉपर्टी डीलरों के झांसे में न आएं और ऐसी अवैध कॉलोनियों में प्लाट या दुकान खरीदने से बचें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना विभागीय अनुमति के विकसित की जा रही कॉलोनियों में किसी भी प्रकार का निर्माण अवैध माना जाएगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि विभाग द्वारा आगे भी ऐसी अवैध कॉलोनियों और अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त तोड़-फोड़ की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।




