कार्रवाई की सूचना में आखिर विभाग क्यों नहीं डालता खसरा नंबर, पारदर्शिता पर उठ रहे है सवाल

पंचकूला:

पंचकूला में  जिला नगर योजनाकार (DTP) बबीता गुप्ता के नेतृत्व में नगर योजना विभाग की टीम ने क्षेत्र में दो अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाकर कड़ी कार्रवाई की।

विभाग की टीम ने गांव खोखरा और गोरखनाथ में बिना अनुमति के विकसित की जा रही कॉलोनियों को निशाना बनाया। इस तोड़फोड़ अभियान के दौरान जेसीबी (JCB) की मदद से 7 डीपीसी (DPC) और 2 चारदीवारियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

यह कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट सह DTP बबीता गुप्ता की देखरेख में संपन्न हुई। मौके पर सहायक नगर योजनाकार डिम्पी राठी, सहायक नगर योजनाकार अशोक कुमार और सुरक्षा के लिहाज से भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

बिना अनुमति निर्माण पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई

जिला नगर योजनाकार बबीता गुप्ता ने स्पष्ट किया कि अर्बन एरिया में किसी भी प्रकार का निर्माण करने या कॉलोनी विकसित करने से पहले ‘निदेशक, नगर तथा ग्राम आयोजना विभाग, हरियाणा’ से नियमानुसार अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य है। बिना अनुमति अवैध निर्माण करने या अनधिकृत कॉलोनी विकसित करने वालों पर भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

खसरा नंबर न होने से आम लोगों में भ्रम

हालांकि, विभाग द्वारा इस कार्रवाई की सूचना तो सार्वजनिक कर दी गई है, लेकिन संबंधित अवैध कॉलोनियों या जमीनों के खसरा नंबर (Khasra Number) की जानकारी जारी नहीं की गई है। खसरा नंबर और स्पष्ट लोकेशन का उल्लेख न होने के कारण आम जनता में असमंजस की स्थिति बन जाती है। विभाग आखिर अवैध कालोनियों पर कार्रवाई के दौरान खसरा नंबर क्यों नहीं जारी करता है।

Sharing

Leave a Reply

error: Content is protected !!