अम्बाला: जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) विभाग ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान के तहत बुधवार को अम्बाला छावनी के गांव बोह में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2.5 एकड़ में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया।
डीटीपी के दस्ते ने खसरा नंबर 46//5/2, 5/3, 47//1, 2/1 स्थित भूमि पर विकसित की जा रही कॉलोनी में बनी नींव और सड़क नेटवर्क (रोड नेटवर्क) को पूरी तरह तोड़ दिया, ताकि आगे अवैध निर्माण न हो सके।
कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं जिला नगर योजनाकार रोहित चौहान, कनिष्ठ अभियंता रविन्द्र, हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो के एसएचओ तथा भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। पूरे अभियान को सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्वक संपन्न कराया गया।
कार्रवाई के बाद जिला नगर योजनाकार रोहित चौहान ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि कुछ भूमालिक और प्रॉपर्टी डीलर कॉलोनी के भविष्य में नियमित (रेगुलर) होने का झांसा देकर प्लॉट बेच रहे हैं। ऐसे किसी भी प्रलोभन में न आएं और बिना विभागीय अनुमति वाली कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने या निर्माण कराने से बचें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ विभाग का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




