नूंह। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की नूंह टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के लाइनमैन को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, गुरुग्राम में अभियोग संख्या 36, दिनांक 27.08.2026, धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम एवं 308(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
क्या था मामला
शिकायतकर्ता ने एसीबी को दी शिकायत में बताया कि उसने अपने बेटे के नाम से 6 किलोवाट बिजली कनेक्शन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था और कनेक्शन की निर्धारित सरकारी फीस भी जमा कर दी थी। शिकायत के अनुसार, बिजली विभाग के सब-डिविजन तावड़ू में तैनात लाइनमैन और अन्य कनेक्शन लगाने की एवज में उससे 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहे थे। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके पास तत्काल 20 हजार रुपये ही उपलब्ध थे। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एसीबी नूंह की टीम ने जाल बिछाया और आरोपी लाइनमैन को शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार करते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान दूसरा आरोपी मौके पर मौजूद नहीं मिला। उसकी तलाश की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।




