नौकरी की सुरक्षा संबंधी पत्र मंजूर करवाने के बदले मांगी थी 20 हजार रुपये रिश्वत
चार किस्तों में ली जानी थी रिश्वत की राशि, पहली किस्त लेते ही एसीबी ने पकड़ा
चंडीगढ़/अंबाला,। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), अंबाला की टीम ने कार्रवाई करते हुए द्वितीय हरियाणा बटालियन, राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), अंबाला छावनी में तैनात क्लर्क को 5,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सरकारी नीति के अनुसार विभागाध्यक्ष से नौकरी की सुरक्षा संबंधी पत्र मंजूर करवाने के एवज में शिकायतकर्ता से कुल 20,000 रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है।
चार किस्तों में मांगी थी 20 हजार रुपये रिश्वत
शिकायतकर्ता ने एसीबी को दी शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपी, जो द्वितीय हरियाणा बटालियन एनसीसी, अंबाला छावनी में अनुबंध आधार पर पार्ट-2 पॉलिसी के तहत क्लर्क के पद पर कार्यरत है, द्वारा सरकारी नीति के अनुसार विभागाध्यक्ष से उसका नौकरी की सुरक्षा संबंधी पत्र मंजूर करवाने के बदले 20,000 रुपये रिश्वत की मांग की गई थी।आरोपी ने रिश्वत की राशि चार किस्तों में, प्रत्येक किस्त 5,000 रुपये के हिसाब से लेने की बात कही थी। शिकायत के आधार पर एसीबी की टीम ने मामले का नियमानुसार सत्यापन किया और ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।
मोबाइल फोन के कवर से बरामद हुई रिश्वत की राशि
ट्रैप कार्रवाई के दौरान एसीबी की टीम ने आरोपी को शिकायतकर्ता से 5,000 रुपये रिश्वत की पहली किस्त लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी के मोबाइल फोन के कवर से रिश्वत की 5,000 रुपये की राशि बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ अभियोग संख्या 20, दिनांक 13 अक्टूबर 2026, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 308(2) के तहत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, अंबाला में मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगामी जांच नियमानुसार जारी है।



