चंडीगढ़, 23 जुलाई। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) की करनाल इकाई ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सहायक रजिस्ट्रार सहकारी समितियां, करनाल कार्यालय में तैनात इंस्पेक्टर को 4,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

क्या था मामला-

प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को शिकायत दी थी कि उसने लगभग 15 माह पूर्व द करन डेयरी कोऑपरेटिव हाउस बिल्डिंग लिमिटेड, करनाल में स्थित एक प्लॉट ओम प्रकाश से खरीदा था। उक्त प्लॉट का उसके नाम पर स्थानांतरण (ट्रांसफर) करने के एवज में सहायक रजिस्ट्रार सहकारी समितियां, करनाल कार्यालय में तैनात इंस्पेक्टर ने उससे 5,000 रुपये रिश्वत की मांग की। बाद में आरोपी 4,000 रुपये लेने पर राजी हो गया। शिकायत का सत्यापन करने के बाद राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, करनाल की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। ट्रैप के दौरान आरोपी इंस्पेक्टर को शिकायतकर्ता से 4,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए कार्यालय परिसर में ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।

इस संबंध में आरोपी के विरुद्ध राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो थाना, करनाल में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत एफआईआर संख्या 16 दिनांक 23 जुलाई 2026 दर्ज कर ली गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले की आगामी जांच जारी है।

Sharing

Leave a Reply

error: Content is protected !!