चेयरमैन वेदपाल ने किया ऐप लॉन्च, शिकायतों का होगा त्वरित निस्तारण

पंचकूला सहित पांच मार्केट कमेटियों में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू हुई पहल

पंचकूला  : हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के मुख्यालय, पंचकूला में आज चेयरमैन वेदपाल द्वारा “मंडी सैनिटेशन मोबाइल ऐप” का शुभारंभ किया गया। यह मोबाइल एप्लिकेशन मंडियों में स्वच्छता प्रबंधन को सुदृढ़ करने तथा शिकायतों के त्वरित निस्तारण हेतु विकसित किया गया है।

यह ऐप मंडी अधिकारियों, स्वच्छता पर्यवेक्षकों एवं संबंधित कर्मचारियों को मंडियों में स्वच्छता संबंधी समस्याओं की फोटोग्राफ सहित रिपोर्टिंग करने तथा उनके रीयल-टाइम समाधान, निगरानी एवं ट्रैकिंग की सुविधा प्रदान करेगा। इसके माध्यम से स्वच्छता व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं कार्यकुशलता को बढ़ावा मिलेगा।

प्रथम चरण में इस मोबाइल ऐप को नारायणगढ़, करनाल, लाडवा, पंचकूला एवं यमुनानगर की 5 मार्केट कमेटियों में पायलट परियोजना के रूप में लागू किया गया है। पायलट चरण के सफल परिणामों के उपरांत इसे राज्य की अन्य मंडियों में भी चरणबद्ध तरीके से विस्तार दिया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्य प्रशासक  धर्मेंद्र सिंह, मुख्य विपणन प्रवर्तन अधिकारी संजीव चौहान, जीटी भारत की प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट के टीम लीडर, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड की आईटी टीम तथा बोर्ड के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में चेयरमैन वेदपाल ने कहा कि यह मोबाइल ऐप मंडियों में स्वच्छता प्रबंधन को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए शिकायतों के त्वरित समाधान एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐप का अधिकतम उपयोग करते हुए मंडियों में स्वच्छ एवं बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित किया जाए।

हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा विकसित यह पहल डिजिटल गवर्नेंस, स्मार्ट मंडी प्रबंधन एवं स्वच्छ मंडी अभियान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे प्रदेश की कृषि मंडियों में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं उत्तरदायी बनाया जा सकेगा।

Sharing

Leave a Reply

error: Content is protected !!