प्रतापनगर, यमुनानगर: खेतों में चोरी की नियत से घुसे एक युवक को ग्रामीणों ने रंगे हाथों दबोच लिया। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने युवक के गले में वही काटी हुई चोरी की तारें लटका दीं और उसे पूरे गांव की सड़कों पर घुमाया।इस घटना का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

किसानों में क्यों था इतना गुस्सा?

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से ट्यूबवेल की बिजली तारें चोरी होने की घटनाएं बढ़ रही थीं। इससे न केवल किसानों को बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था, बल्कि समय पर खेतों की सिंचाई न होने से फसलें भी सूखने की कगार पर पहुँच जाती हैं। इसी परेशानी और गुस्से के कारण ग्रामीणों ने आरोपी को यह अनोखी सजा दी।

“तार चोरी होने से सिंचाई ठप हो जाती है और आर्थिक नुकसान भी होता है। बार-बार हो रही चोरी से तंग आकर ग्रामीणों का सब्र टूट गया।”

— स्थानीय किसान, खिजरी गांव

पुलिस की कार्रवाई

घटना के बाद ग्रामीणों ने मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

मामले की पुष्टि करते हुए प्रताप नगर थाना प्रभारी रोहतास ने बताया:

  • शिकायत मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

  • आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Sharing

Leave a Reply

error: Content is protected !!