अंबाला। जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) अंबाला के दस्ते ने शुक्रवार को अर्बन एरिया अंबाला छावनी के गांव बरनाला में करीब 1.25 एकड़ क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी के खिलाफ कार्रवाई की। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तोड़-फोड़ की कार्रवाई करते हुए अवैध कॉलोनी में बनाई गई पक्की सड़कों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
विभाग के अनुसार यह अवैध कॉलोनी खसरा नंबर 9//4/2, 5/2, 6/1 और 7/2, तहसील अंबाला छावनी, जिला अंबाला में विकसित की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान कॉलोनी में किए गए अवैध निर्माणों को हटाया गया।
मौके पर भारी पुलिस बल रहा तैनात
कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट-कम-जिला नगर योजनाकार गुंजन वर्मा, कनिष्ठ अभियंता रविंद्र तथा एसएचओ अंबाला हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। विभागीय टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से अवैध रूप से बनाई गई सड़कों को तोड़कर अवैध निर्माण से मुक्त कराया।
प्लॉट खरीदने से पहले जांच की अपील
जिला नगर योजनाकार गुंजन वर्मा ने आमजन से अपील की कि भूमालिकों अथवा प्रॉपर्टी डीलरों द्वारा कॉलोनी के नियमित होने का झांसा देकर बेचे जा रहे प्लॉटों के चक्कर में न आएं। उन्होंने लोगों को ऐसी अवैध कॉलोनियों में प्लॉट नहीं खरीदने और किसी भी प्रकार का निर्माण नहीं करने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनियों और अवैध निर्माण के खिलाफ विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





