पिंजौर/पंचकूला: बीड़ शिकारगाह वन्य प्राणी विहार (बीर शिकारगाह वन्यजीव अभ्यारण्य) में अवैध रूप से खैर के पेड़ काटने और वन विभाग की टीम से हाथापाई कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। वाइल्डलाइफ इंस्पेक्टर (पंचकूला) सुनील कुमार द्वारा थाना प्रबंधक (थाना पिंजौर) को इस बाबत लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।

सूचना मिलने पर एक्शन में आई टीम
शिकायत के अनुसार, 10 सितंबर 2026 की सुबह लगभग 6:45 बजे गश्त के दौरान मुखबिर खास से गुप्त सूचना मिली कि कुछ लोग बीड़ शिकारगाह वन्य प्राणी विहार से खैर के कटे हुए पेड़ों की लकड़ी को एक गाड़ी में लादकर ले जाने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही वाइल्डलाइफ अधिकारी तुरंत टांडीवाला क्षेत्र पहुंचे, जहां एक पिकअप गाड़ी तेजी से भागती दिखाई दी।
सुरजपुर बाईपास पर नाकेबंदी के दौरान हाथापाई और पिस्तौल से धमकी
गाड़ी के बद्दी की तरफ भागने की संभावना को देखते हुए फारेस्ट रेंजर कालका को सूचित कर नाकाबंदी कराई गई। रेंजर के आदेश पर फॉरेस्ट गार्ड सचिन ने सुरजपुर बाईपास पर गाड़ी को रुकवाने और जांच करने की कोशिश की। इस दौरान पिकअप में सवार दो व्यक्तियों ने सचिन के साथ हाथापाई की, उसे गाड़ी से दूर धकेला और पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
जांच में कटे मिले 14 खैर के पेड़
घटना के बाद अधिकारियों ने क्षेत्र की गहनता से जांच की। बीड़ शिकारगाह वन्य प्राणी विहार की फायर लाइन 6 और 8 के बीच अवैध रूप से काटे गए कुल 14 खैर के पेड़ बरामद हुए।
आरोपियों की पहचान और वन्य जीव संरक्षण कानून के तहत शिकायत
मामले में संलिप्त आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
-
बंटी , निवासी: खडकुआ
-
रवि, निवासी: गांव हरिपुर हरिसिंह
शिकायतकर्ता इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि आरोपी रवि पहले भी अवैध खैर तस्करी के मामलों में पकड़ा जा चुका है और एक आदतन अपराधी है। वन विभाग की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ वन्य प्राणी सुरक्षा अधिनियम (1972) की धारा 2(12B), 2(15), 2(37), 26(A), 27, 29, 50 और 51 के तहत कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
वहीं इस बारे में डीडब्लयूएलओ वीरेंद्र गिल ने बताया कि उन्होंने स्टाफ को चौकसी बरतने व तस्करों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए हैं। विभाग से ओर स्टाफ की मांग भी है स्टाफ की कमी की वजह से अपराधियों को इस तरह की हरकत करने का मौका मिल जाता है। उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही नया स्टाफ मिल जाएगा।



