कलेसर / यमुनानगर:
शुक्रवार तड़के कलेसर रेंज के अंतर्गत आने वाले ईस्माइलपुर के पास हाइडिल चैनल की पटरी से खैर के पेड़ काट रहे तस्कर फारेस्ट स्टाफ के मौके पर पहुंचने पर फरार हो गए। खैर तस्करों ने 12 पेड़ काट उसकी लकड़ी ले जाने की फिराक में थे, इतने में वन स्टाफ मौके पर पहुंच गया, तस्करों की संख्या अधिक होने पर भी फारेस्ट स्टाफ ने उनको पकड़ने का प्रयास किया, मगर अंधेरे का फायदा उठाकर वह भाग निकलने में सफल हो गए। वन विभाग ने छछरौली पुलिस को शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करवा दी है।
गश्त के दौरान चला पता
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दादूपुर बीट के इंचार्ज वन रक्षक योगेश कुमार और दादूपुर ब्लॉक के वन दरोगा विकास नेहरा ईस्माईलपुर पुल के पास हाईडल चैनल की पटरी पर नियमित गश्त पर थे। रात के सन्नाटे में ईस्माईलपुर श्मशान घाट के समीप झाड़ियों से कुल्हाड़ी चलने और संदिग्ध गतिविधियों की आवाजें सुनाई दीं। अंधेरे में तस्करों के पास हथियार होने की संभावना के बावजूद दोनों वनकर्मी बिना हिचकिचाए और आवाज की दिशा में आगे बढ़े।
कर्मचारियों को आता देख हाथ-पांव फूले, भागे तस्कर
मौके पर 4 से 5 अज्ञात तस्कर खैर के बेशकीमती हरे-भरे वृक्षों पर कुल्हाड़ी चला रहे थे। जैसे ही वनकर्मियों ने ललकारते हुए उन्हें घेरा, तस्करों में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे अपराधियों का काफी दूर तक पीछा किया। हालांकि घने जंगल और कंटीली झाड़ियों की आड़ लेकर तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहे, लेकिन वनकर्मियों की मुस्तैदी के कारण वे काटी गई कीमती लकड़ी साथ नहीं ले जा सके।
12 कीमती पेड़ बरामद, एफआईआर दर्ज
कर्मचारियों ने मौके से ताजा काटे गए खैर के 12 बेशकीमती पेड़ की लकड़ी अपने कब्जे में ले ली। इसके बाद तुरंत ‘डायल 112’ पर पुलिस को सूचना दी गई और क्षति रिपोर्ट तैयार कर लकड़ी को सुरक्षित रूप से मुख्यालय मुजैहदवाला पहुंचाया गया। पुलिस ने इस संबंध में एफआईआर दर्ज कर ली है।



