दोनों आरोपियों के पैर में लगी गोली, दोनों पक्षों की ओर से चलीं 9 राउंड गोलियां, 1 पुलिसकर्मी भी घायल

आरोपियों के खिलाफ अंबाला, कुरुक्षेत्र, पंचकूला और पंजाब में हत्या के प्रयास, डकैती, लूट व स्नैचिंग जैसे करीब 10 मामले दर्ज

पंचकूला:- पंचकूला में रायपुर रानी क्षेत्र के टाबर गांव में पंचकूला पुलिस की क्राइम ब्रांच-1 की टीम और लूट की वारदातों में संलिप्त बताए जा रहे तीन आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के दौरान दोनों पक्षों की ओर से कुल 9 राउंड फायरिंग हुई, जिसमें पुलिस ने 5 और आरोपियों ने 4 राउंड फायर किए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को काबू कर लिया। इस दौरान दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि आपसी हाथापाई के दौरान एक आरोपी ने हेड कांस्टेबल जसविंदर पर चाकू से वार कर दिया। घायल पुलिसकर्मी और दोनों घायल आरोपियों का उपचार चल रहा है।

इस संबंध में डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि तीनों आरोपी क्षेत्र में अन्य आपराधिक वारदातों को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना के आधार एसीपी क्राइम अमन कुमार व क्राइम ब्रांच-1 की टीम ने इंचार्ज मनोज की अगुवाई में आरोपियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की और तत्परता से कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को काबू कर लिया। मुठभेड़ के दौरान दीपक और अमितेश के पैर में एक-एक गोली लगी है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक निवासी अंबाला, अमितेश निवासी अंबाला और लखविंदर निवासी कुरुक्षेत्र के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी पिछले कुछ समय से पंचकूला के रायपुर रानी और चंडीमंदिर क्षेत्र में लूट, स्नैचिंग और चोरी जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल और एक बाइक बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र और पंजाब में हत्या के प्रयास, डकैती, लूट और स्नैचिंग जैसी वारदातों से संबंधित करीब 10 आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा आरोपी कुरुक्षेत्र में भी वांछित बताए जा रहे हैं।

डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह ने आगे बताया कि मुठभेड़ के दौरान हुई हाथापाई में आरोपी लखविंदर ने हेड कांस्टेबल जसविंदर पर चाकू से वार कर दिया, जिससे पुलिसकर्मी घायल हो गया। घायल पुलिसकर्मी का भी उपचार जारी है। पुलिस द्वारा मामले की आगामी जांच की जा रही है। दोनों घायल आरोपियों की स्थिति सामान्य होने के बाद उनसे विस्तृत पूछताछ की जाएगी, ताकि उनके आपराधिक नेटवर्क, अन्य वारदातों में संलिप्तता और बरामद हथियारों के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई कर रही है।

 

Sharing

Leave a Reply

error: Content is protected !!