एसवी एवं एसीबी रोहतक की टीम ने सोनीपत तहसील कार्यालय में की कार्रवाई, आरोपी को रिश्वत की राशि सहित दबोचा

डीआईटीएस नीति के तहत श्रेणी-डी में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर ने शिकायतकर्ता से की थी रिश्वत की मांग

चंडीगढ़। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एवं एसीबी) की रोहतक टीम ने सोनीपत तहसील कार्यालय में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान निवासी गांव थाना खुर्द, तहसील खरखौदा, जिला सोनीपत के रूप में हुई है। आरोपी डीआईटीएस नीति के तहत श्रेणी-डी में कार्यरत था। उसने शिकायतकर्ता से जमीन की तकसीम की नकल उपलब्ध करवाने की एवज में 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।

जमीन की तकसीम की नकल देने के बदले मांगी थी रिश्वत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने अपनी जमीन की तकसीम की नकल प्राप्त करने के लिए तहसील कार्यालय, सोनीपत में संपर्क किया था। इस कार्य के लिए उसे कार्यालय के कई चक्कर लगाने पड़े। आरोप है कि इसके बाद कंप्यूटर ऑपरेटर ने जमीन की तकसीम की नकल उपलब्ध करवाने के बदले उससे 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था और उसने इसकी शिकायत एसवी एवं एसीबी को दी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए ब्यूरो की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। इंस्पेक्टर भगत सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी को तहसील कार्यालय, सोनीपत में शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पूरी कार्रवाई स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पारदर्शिता के साथ की गई।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
इस संबंध में एसवी एवं एसीबी थाना रोहतक में एफआईआर नंबर 39, दिनांक 17 नवंबर 2026, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Sharing

Leave a Reply

error: Content is protected !!