प्रधान मुख्य वन संरक्षक के.सी. मीणा ने मुख्य अतिथि के रूप में की शिरकत
वनों की सुरक्षा तथा जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में के.सी. मीणा, प्रधान मुख्य वन संरक्षक , हरियाणा तथा घनश्याम शुक्ला, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (विकास), हरियाणा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती अनीता, वन मण्डल अधिकारी, मोरनी, पिंजौर द्वारा की गई।
कार्यक्रम में मोरनी क्षेत्र एवं ग्राम थापली के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में पर्यावरण संरक्षण, वनों की सुरक्षा तथा जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक रहकर प्रकृति संरक्षण हेतु सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
उन्होने अपने सम्बोधन में विद्यार्थियों तथा शिक्षकों को रोजमर्रा के दैनिक कार्यों में अपनी आदतों को बदलने का आह्वान किया तथा रिड्यूस, रियूज, रिसाइकल, को अपनाने पर भी बल दिया ताकि पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन में अपना सहयोग सुनिश्चित कर सके।
इस अवसर पर हरियाणा वन विभाग के प्रचार एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ द्वारा एक प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया, जिसमें वन संरक्षण, जैव विविधता एवं पर्यावरण सुरक्षा से संबंधित विभिन्न विषयों को प्रदर्शित किया गया। साथ ही प्रतिभागियों को जन-जागरूकता सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग हेतु सामूहिक संकल्प के साथ किया गया।



