पंचकूला : हरियाणा के विकास एवं पंचायत तथा खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने गांव खेड़ावाली, कालका में अवैध खनन की शिकायत पर कड़ा संज्ञान लेते हुए सहायक खनन अभियंता राजेंद्र प्रसाद को निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले में किसी भी प्रकार का अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मंत्री कृष्ण लाल पंवार आज सेक्टर-1 स्थित लोक निर्माण विश्राम गृह में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस अवसर पर उपायुक्त सतपाल शर्मा भी उपस्थित रहे।
बैठक में कुल 13 शिकायतें रखी गईं, जिनमें से 9 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि 4 शिकायतों को लंबित रखते हुए संबंधित अधिकारियों को आगामी बैठक से पूर्व उनका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
खेड़ावाली, कालका निवासी ने शिकायत में बताया कि गांव में सरकारी नियमों के विपरीत अवैध खनन किया जा रहा है। इस संबंध में अधिकारियों को शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके अलावा रायपुररानी क्षेत्र में भी अवैध खनन का मामला उठाया गया। शिकायतों पर गंभीर रुख अपनाते हुए मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने सहायक खनन अभियंता राजेंद्र प्रसाद को निलंबित करने तथा एक जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए। यह समिति अवैध खनन के मामलों की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। उन्होंने पुलिस विभाग को रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि अवैध खनन में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
गांव बुढ़नपुर के निवासियों ने इंदिरा कॉलोनी के समीप बिना लाइसेंस मीट बेचने की शिकायत रखी। इस पर मंत्री ने संबंधित विभागों को अभियान चलाकर आगामी 10 दिनों के भीतर बिना लाइसेंस संचालित सभी मीट दुकानों को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग को इंदिरा कॉलोनी क्षेत्र में एक पीसीआर वाहन तैनात करने के निर्देश भी दिए। साथ ही कहा कि बिना वैध लाइसेंस के मीट बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए।
गांव ईशर नगर, पिंजौर निवासी ने आंगनबाड़ी केंद्र के सामने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत दी। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मंत्री ने नगर परिषद कालका के कार्यकारी अधिकारी को पूरे खसरे की निशानदेही करवाकर अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। एनएच फार्मास्यूटिकल्स, पेट कैमिस्ट शॉप एवं पार्लर तथा पेट एनिमल मेडिकल सेंटर-3, पंचकूला द्वारा सेक्टर-3 स्थित सरकारी पेट अस्पताल में अनियमितताओं की शिकायत दी गई। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि पिछले कई महीनों से कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इस पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि रिहायशी क्षेत्रों में किसी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि की अनुमति नहीं है। उन्होंने एसडीएम पंचकूला को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और अगली बैठक से पहले समाधान प्रस्तुत किया जाए।
बरवाला से भरेली तक सड़क की खराब स्थिति की शिकायत पर मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता को गड्ढे भरने एवं सड़क की मरम्मत के निर्देश दिए, ताकि आमजन को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।गांव बागवाली निवासी ने शिकायत में बताया कि गांव के ही एक व्यक्ति ने नेशनल हाईवे की भूमि पर कब्जा कर गेट लगाकर रास्ता बंद कर दिया है। इस पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि 29 मई को भूमि की निशानदेही करवाई जाएगी तथा अवैध अतिक्रमण पाए जाने पर तुरंत हटाया जाएगा। मंत्री ने निर्देश दिए कि निशानदेही पुलिस की मौजूदगी में करवाई जाए।
पंचायत समिति रायपुर रानी के चेयरमैन ने शिकायत में बताया कि पंचकूला-यमुनानगर रोड निर्माण के दौरान गांव बागवाली स्थित मिडिल एवं प्राइमरी स्कूल की चारदीवारी तोड़ दी गई थी। इस पर डीईईओ पंचकूला सुमन चौधरी ने बताया कि शिक्षा विभाग द्वारा 8.70 लाख रुपये का अनुमान स्वीकृत किया जा चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
सेक्टर-11 पंचकूला निवासी ने शिकायत में कहा कि स्टिल्ट पार्किंग की सुविधा होने के बावजूद कई घरों के पीछे अवैध रैंप, बगीचे और गेट बनाए गए हैं, जिससे सड़क संकरी हो गई है और लोगों को परेशानी हो रही है। इस पर मंत्री ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण से कार्रवाई की जानकारी मांगी। प्राधिकरण के संपदा अधिकारी ने बताया कि अवैध अतिक्रमण हटाने की योजना तैयार कर ली गई है और सेक्टर-11 में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
गांव बतौड़, बरवाला निवासी ने गंदे पानी की निकासी न होने की समस्या उठाई। शिकायतकर्ता ने बताया कि पानी जमा होने से गंदगी फैल रही है और लोगों को आने-जाने में कठिनाई हो रही है। मंत्री ने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर समस्या का समाधान कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
सेक्टर-26 निवासी ने शिकायत में बताया कि गांव ढंडारढ़ू में उनकी कृषि भूमि के रास्ते पर अवैध कब्जा किया गया था। पंचायत द्वारा रास्ते की निशानदेही कर सीमेंट के पिलर लगाकर रास्ता खुलवाया गया, लेकिन भू-मालिकों ने पिलर उखाड़ दिए। इस पर मंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए निर्देश दिए कि संबंधित भू-मालिक अपने खर्चे पर दोबारा पिलर लगवाएं, अन्यथा उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए।
बैठक से पूर्व मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि समिति के समक्ष आने वाली प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार उन्हें पंचकूला और कुरुक्षेत्र जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वे रोहतक और हिसार की जिला स्तरीय कष्ट निवारण समितियों की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि कोई भी शिकायत लंबित न रहे और पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके। मंत्री ने निर्देश दिए कि जिला स्तरीय अधिकारी स्वयं बैठकों में उपस्थित रहें तथा अधीनस्थ कर्मचारियों को बैठक में भेजने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि पंचकूला जिला कष्ट निवारण समिति पूरे प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ बन सके।
इस अवसर पर पंचकूला के विधायक चंद्रमोहन, कालका की विधायक शक्ति रानी शर्मा, राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा एवं रेखा शर्मा, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, पुलिस उपायुक्त सृष्टि गुप्ता, अतिरिक्त उपायुक्त निशा यादव, नगर निगम आयुक्त विनय कुमार, एसडीएम पंचकूला चंद्रकांत कटारिया, एसडीएम कालका संयम गर्ग, नगराधीश जागृति, नवनिर्वाचित मेयर शाम लाल बंसल, प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, नगर परिषद कालका के चेयरमैन कृष्ण लाल लांबा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति के गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।




