अम्बाला / पंजोखरा: अम्बाला जिले के पंजोखरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आते भड़ोग जंगल (सैक्शन 4-5) में अज्ञात चोरों द्वारा 8 कीमती खैर के हरे-भरे वृक्षों पर आरी चलाकर लकड़ी चोरी कर ले जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चोरी किए गए खैर के वृक्षों की कुल सरकारी कीमत 2,09,800 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने वन विभाग की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और भारतीय वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
माइनिंग की सूचना पर दूसरी तरफ गश्त कर रही थी टीम, फायदा उठा गए चोर पंजोखरा थाने में दर्ज एफआईआर  के अनुसार, वन दरोगा प्रदीप कुमार (इंचार्ज कुराली बीट) ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उप वन संरक्षक (अम्बाला) और वन राजिक अधिकारी (नारायणगढ़) को खेड़ागन्नी क्षेत्र में अवैध खनन (माइनिंग) होने की सूचनाएं मिल रही थीं। इस वजह से वन विभाग की टीम खेड़ागन्नी सैक्शन-4 के जंगल में रात्रि गश्त बढ़ाए हुए थी। इसी बात का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने 4 और 5 नवंबर 2026 की मध्यरात्रि भड़ोग सैक्शन 4-5 के जंगल को निशाना बनाया और 8 खैर के पेड़ काटकर उनकी लकड़ी चुरा ले गए।
विभाग में मचा हड़कंप, मौके पर पहुंचे वन राजिक अधिकारी 5 नवंबर को जब गश्ती टीम को भड़ोग जंगल में कटान का पता चला तो तुरंत वन राजिक अधिकारी (नारायणगढ़) कर्मजीत सिंह को सूचित किया गया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद वन विभाग द्वारा वन अपराध रिपोर्ट (नंबर 049/0078) चाक की गई और पंजोखरा पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी गई।
कटे हुए खैर के पेड़ों का ब्योरा और सरकारी मूल्य:
  • पेड़ 1 (क्लास-IV): मोटाई 83 सेमी — कीमत ₹20,975
  • पेड़ 2 (क्लास-III): मोटाई 97 सेमी — कीमत ₹41,975
  • पेड़ 3 (क्लास-III): मोटाई 115 सेमी — कीमत ₹41,975
  • पेड़ 4 (क्लास-IV): मोटाई 86 सेमी — कीमत ₹20,975
  • पेड़ 5 (क्लास-IV): मोटाई 85 सेमी — कीमत ₹20,975
  • पेड़ 6 (क्लास-IV): मोटाई 81 सेमी — कीमत ₹20,975
  • पेड़ 7 (क्लास-IV): मोटाई 84 सेमी — कीमत ₹20,975
  • पेड़ 8 (क्लास-IV): मोटाई 79 सेमी — कीमत ₹20,975
इन धाराओं के तहत मामला दर्ज पंजोखरा थाना पुलिस ने वन विभाग की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए 6 नवंबर 2026 को धारा 303(2) BNS, भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 32, 33 और पंजाब भूमि संरक्षण अधिनियम (PLPA) 1900 की धारा 4 व 5 के तहत एफआईआर दर्ज की है। 
Sharing

Leave a Reply

error: Content is protected !!