पंचकूला:-  पंचकूला क्राइम ब्रांच की टीम ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 करोड़ 5 लाख की हेरोइन बरामद की है। नशा तस्कर पहले राज्य स्तरीय कबड्‌डी खिलाड़ी भी रह चुका है। इस संबंध में थाना रायपुररानी में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21c के तहत मामला दर्ज किया गया है।
 23 अप्रैल को क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर इंचार्ज दलीप सिंह की अगुवाई में टीम ने रायपुररानी-नारायणगढ़ रोड पर स्थित गांव प्यारेवाला के पास घेराबंदी की। यहाँ से पंजाब के जिला तरनतारन निवासी आरोपी रशपाल सिंह उर्फ लाली को उसकी महिंद्रा बोलेरो गाड़ी सहित दबोचा गया। तलाशी के दौरान उसकी बोलेरो गाड़ी की ड्राइवर सीट के नीचे से 538 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 5 लाख रुपये आंकी गई है। इस संबंध में थाना रायपुर रानी में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 c के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एसपी क्राइम ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी के धंधे में संलिप्त है और पंजाब से हेरोइन लाकर पंचकूला क्षेत्र में सप्लाई करता था। आरोपी को 24 अप्रैल को अदालत में पेश कर 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया था। आगे की पूछताछ के लिए दोबारा अदालत में पेश कर 4 दिन का रिमांड लिया गया है, ताकि उसके मुख्य सप्लायर तक पहुंचा जा सके। आरोपी पहले राज्य स्तर का कबड्डी खिलाड़ी भी रह चुका है और उसके खिलाफ पंजाब में दो आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें एक हत्या के प्रयास और दूसरा धोखाधड़ी से संबंधित है।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने मुख्य सप्लायर के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी है, जिसके आधार पर पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। उम्मीद है कि जल्द ही इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Sharing

Leave a Reply

error: Content is protected !!