दिल्ली में डीआरआई ने अवैध धातु पिघलाने वाली भट्टी को ध्वस्त किया; सोने की तस्करी के मामले में आठ गिरफ्तार

नई दिल्ली। सीमा पार सोने की तस्करी के खिलाफ लगातार चल रही कार्रवाई में, राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) के अधिकारियों ने दिल्ली स्थित एक और सोने की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह उत्तर पूर्वी क्षेत्र से दिल्ली तक विदेश से सोने की तस्करी में शामिल था और इसके लिए वह कई अलग-अलग ट्रेनों का इस्तेमाल करता था। गिरोह ने पकड़े जाने के जोखिम को कम करने के लिए अलग-अलग समय पर जहाजों से आवाजाही की व्यवस्था की थी। वे दिल्ली के घनी आबादी वाले आवासीय क्षेत्र में धातु को पिघलाने वाली एक भट्टी चलाते थे।
26 जून, 2026 को, एक अभियान में, डीआरआई अधिकारियों ने पश्चिम बंगाल के न्यू कूच बिहार रेलवे स्टेशन और बिहार के मानसी जंक्शन पर दो वाहकों को रोका। डीआरआई द्वारा पकड़े गए व्यक्तियों के पास लगभग 2 किलोग्राम सोने की छड़ें छिपी हुई थीं। साथ ही, दिल्ली में भी लगभग 1.2 किलोग्राम तस्करी किए गए सोने के साथ दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। इन कार्रवाइयों से दिल्ली में सोने को पिघलाने की एक अवैध फैक्ट्री के बारे में पता चला। चारों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

उसी दिन, एक अन्य अभियान में, डीआरआई अधिकारियों ने सैरांग से कोलकाता जा रही एक महिला को रोका और उसके पास से विदेश से तस्‍करी की गई 20 सोने की छड़ें बरामद कीं, जिन पर विदेशी भाषा में निशान थे और जिनका वजन लगभग 3.3 किलोग्राम था। सोना एक विशेष रूप से निर्मित बेल्‍ट में छिपाया गया था। यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया।

चेन्नई में भी, डीआरआई ने घरेलू हवाई कार्गो खेपों के माध्यम से विदेशी मुद्रा की अवैध आवाजाही और भारत में सोने-चांदी की संगठित तस्करी के वित्तपोषण में इसके इस्तेमाल से जुड़े एक बड़े तस्करी रैकेट का सफलतापूर्वक भंडाफोड़ किया है। डीआरआई अधिकारियों ने चेन्नई एयर कार्गो में खेपों को जब्त किया और 7,58,500 अमेरिकी डॉलर और 35,00,000 थाई विदेशी मुद्रा बरामद की, जिसका मूल्य लगभग 8.15 करोड़ रुपये है। विदेशी मुद्रा के अवैध परिवहन और वितरण में शामिल तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। आगे की जांच में पता चला विदेशी मुद्रा को विभिन्न माध्यमों से भारत से बाहर तस्करी करके ले जाया जा रहा था और इसका इस्तेमाल कीमती धातुओं की वापस भारत में तस्करी के वित्तपोषण के लिए किया जा रहा था।

जांच के दौरान, विदेशी मुद्रा प्राप्त करने वाले एक व्यक्ति को दुबई से लौटते समय बेंगलुरु हवाई अड्डे पर 1.8 किलोग्राम सोने के साथ पकड़ा गया। इसके बाद उसके आवास से लगभग 42 किलोग्राम चांदी, 700 ग्राम सोने के आभूषण और 26.67 लाख रुपये भारतीय मुद्रा बरामद की गई। इससे भारत में विदेशी मुद्रा की अवैध खरीद, विदेशों में इसकी तस्करी और देश में सोने-चांदी की संगठित तस्करी के बीच सीधा संबंध स्थापित होता है।

इन सभी अभियानों में कुल मिलाकर लगभग 9 किलोग्राम विदेश से तस्करी किया हुआ सोना, 42 किलोग्राम चांदी, 8.15 करोड़ रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा और 26.67 लाख रुपये की भारतीय मुद्रा जब्त की गई है और आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

Sharing

Leave a Reply

error: Content is protected !!