HKRN के माध्यम से चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय में नौकरी लगवाने का दिया झांसा
चंडीगढ़। भ्रष्टाचार के खिलाफ हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में जींद यूनिट ने एक निजी व्यक्ति को ₹50,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद को विजिलेंस विभाग का कर्मचारी बताकर शिकायतकर्ता को हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के माध्यम से चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय, भिवानी में नौकरी लगवाने का झांसा दिया था।
नौकरी दिलाने के नाम पर मांगे ₹2 लाख
प्राप्त शिकायत के अनुसार आरोपी ने कैथल निवासी शिकायतकर्ता से नौकरी लगवाने के एवज में कुल ₹2 लाख की अवैध रिश्वत की मांग की। इसमें से ₹50,000 अग्रिम राशि के रूप में देने की बात तय हुई। शिकायत प्राप्त होने के बाद SV&ACB ने शिकायत का सत्यापन कर नियमानुसार ट्रैप कार्रवाई की। SV&ACB जींद यूनिट के नेतृत्व में टीम ने हांसी बस स्टैंड के पास आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और आरोपी को ₹50,000 की रिश्वत स्वीकार करते हुए मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान राजपत्रित अधिकारी एवं शैडो गवाह मौजूद रहे।
धारा 7A PC Act के तहत मामला दर्ज
इस संबंध में FIR No. 29 दिनांक 20.08.2026 के तहत धारा 7A भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (PC Act) में पुलिस थाना SV&ACB हिसार में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले में आगे की जांच जारी है।




