पंचकूला: हरियाणा के पंचकूला जिले के चंडीमंदिर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मट्टावाला गांव के पास एक तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे टिप्पर ने एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में कार में सवार एक ही परिवार के चार सदस्य बाल-बाल बच गए, हालांकि उन्हें चोटें आईं और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।

शिकायतकर्ता जोनी कुमार, जो कि मूल रूप से यमुनानगर जिले के गांव हसनपुर (थाना छप्पर) के रहने वाले हैं और वर्तमान में सेक्टर-11 पंचकूला के फॉरेस्ट कॉलोनी सरकारी क्वार्टर में रहते हैं, ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वे हरियाणा फॉरेस्ट विभाग मुख्यालय सेक्टर-6 पंचकूला में क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं।

घटना 12 अक्टूबर 2026 की है। जोनी कुमार सुबह करीब 07:30 बजे अपने घर हसनपुर से अपनी एस-प्रेसो (S-PRESSO) कार में सवार होकर अपनी पत्नी सैलजा, बेटे निशांत और बेटी प्रिसा के साथ पंचकूला स्थित अपने सरकारी क्वार्टर आ रहे थे।

 शिकायत के अनुसार, जब वह सुबह करीब 09:30 बजे गांव मट्टावाला से थोड़ा आगे गौशाला के सामने पहुंचे, तो उनकी कार के पीछे आ रहे एक टिप्पर के अज्ञात चालक ने वाहन को अत्यधिक तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए उनकी कार में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार सीधे सड़क के डिवाइडर से जा टकराई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के वक्त पूरा परिवार कार के अंदर ही बुरी तरह फंस गया था और सभी को चोटें आईं।

 मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए जोनी कुमार और उनके परिवार को दुर्घटनाग्रस्त कार से बाहर निकाला। उसी समय वहां डायल 112 की पुलिस गाड़ी भी पहुंच गई, जिसकी मदद से सभी घायलों को नागरिक अस्पताल, सेक्टर-6 पंचकूला ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार, एक्स-रे और जांच के बाद उन्हें छुट्टी दे दी, जिसके बाद पीड़ित अपने बच्चों को लेकर वापस अपने गांव हसनपुर चले गए थे।
चंडीमंदिर थाना पुलिस ने अज्ञात टिप्पर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
Sharing

Leave a Reply

error: Content is protected !!