बिना अनुमति कॉलोनी विकसित करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: डीटीपी बबिता गुप्ता
पंचकूला:
जिला नगर योजनाकार (DTP) बबिता गुप्ता के नेतृत्व में पंचकूला अर्बन एरिया में एक डिमोलिशन अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के दौरान गांव बांसघाटी स्थित एक अवैध फार्म हाउस कॉलोनी पर शिकंजा कसा गया। विभाग की टीम ने जेसीबी मशीनों की मदद से कॉलोनी में बिछाए गए कच्चे रोड नेटवर्क और चारों ओर बनाई गई चारदीवारी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
यह डिमोलिशन ड्राइव डीटीपी बबिता गुप्ता, ड्यूटी मजिस्ट्रेट व सहायक नगर योजनाकार (ATP) डिम्पी राठी, सहायक नगर योजनाकार अशोक कुमार और एफआई मोहित शर्मा की देखरेख में भारी पुलिस बल के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
बिना अनुमति निर्माण पर होगी कानूनी कार्रवाई
मामले की जानकारी देते हुए डीटीपी बबिता गुप्ता ने स्पष्ट किया कि हरियाणा नगर तथा ग्राम आयोजना विभाग (Town and Country Planning Department) की अनुमति के बिना किसी भी तरह का निर्माण या कॉलोनी विकसित करना गैर-कानूनी है। उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध रूप से कॉलोनियां काटने या निर्माण करने वालों के खिलाफ विभाग सख्त से सख्त कानूनी कदम उठाएगा।
आमजन के लिए सलाह
डीटीपी ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी मेहनत की कमाई को अवैध संपत्तियों में न फंसाएं। किसी भी भूमि पर निर्माण करने या प्लॉट खरीदने से पहले विभाग से सी.एल.यू. (CLU – Change of Land Use) और लाइसेंस की वैधता की जांच अवश्य कर लें। बिना विभागीय मंजूरी के किसी भी अनधिकृत योजना में निवेश न करें।


