पिंजौर (पंचकूला):
हरियाणा के पंचकुला जिले के पिंजौर स्थित वन विभाग प्रशिक्षण मंडल कार्यालय से एक हैरान कर देने वाला चोरी का मामला सामने आया है। वन परिसर की लाइब्रेरी से ताला या खिड़की तोड़े बिना ही करीब 4 लाख रुपये से अधिक का म्यूजिक सिस्टम और एक मर्करी वेपर लैंप चोरी हो गया है। मामले की शिकायत मिलने के बाद पिंजौर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रहस्यमयी ढंग से गायब हुआ सामान
पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया कि 31 अगस्त 2026 को भौतिक सत्यापन (फिजिकल वेरिफिकेशन) के दौरान लाइब्रेरी से म्यूजिक साउंड सिस्टम (कीमत लगभग ₹4,00,000) गायब मिला। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि लाइब्रेरी का न तो ताला टूटा था और न ही कोई खिड़की।
शुरुआती विभागीय कार्रवाई और आंतरिक जांच के बाद, 17 सितंबर 2026 को वन विभाग द्वारा दी गई दूसरी शिकायत (दरखास्त नं. 688-दस्ती) में यह भी सामने आया कि परिसर से एक पीतल का मर्करी वेपर लैंप (कीमत ₹4,000) भी चोरी हुआ है। चोरी हुए कुल सामान की कीमत लगभग ₹4,04,000 बताई गई है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच जारी
वन विभाग की अंतिम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद पिंजौर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। अब सबसे बड़ा सवाल है कि यहां पर बिना ताला तोड़े म्यूजिक सिस्टम व अन्य सामान कैसे गायब हो गया। इस एरिया में क्या सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे, इतने बड़े कांपलेक्स से जब सामान बाहर गया होगा तो वह किसी गाड़ी या अन्य चीज में गया होगा, क्या उसकी फुटेज नहीं मिली। इस पूरे एरिया में क्या कोई सिक्योरिटी गार्ड नहीं है।
बताया जाता है कि इस कांपलेक्स में मेन गेट पर हमेशा गार्ड तैनात रहता है जहां पर बिना एंट्री कोई आ जा नहीं सकता। ऐसे में कोई बाहरी व्यकित चोरी की घटना को कैसे अंजाम दे सकता है।




