लाइसेंस बनवाने की एवज में मांगी थी रिश्वत, राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो रोहतक की कार्रवाई
चंडीगढ़। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रोहतक ने जोनल मार्केटिंग इन्फोर्समेंट ऑफिस (जेडएमईओ), नई अनाज मंडी, रोहतक में तैनात क्लर्क को ₹40,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस संबंध में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रोहतक थाना में अभियोग संख्या 28 दिनांक 17.09.2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जोन का लाइसेंस बनाने की एवज में मांगी थी ₹40 हजार की रिश्वत
ब्यूरो को दी गई शिकायत में शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी नरेला में एग्रो फूड की एक कंपनी है। उन्होंने पानीपत मार्केट कमेटी के अंतर्गत एक जोन का लाइसेंस बनवाने के लिए आवेदन किया था। आवेदन संबंधी फाइल तैयार कर मार्केट कमेटी में जमा करवाई गई थी, जिसे आगामी कार्रवाई के लिए जेडएमईओ कार्यालय, रोहतक भेजा गया था।शिकायतकर्ता जब अपनी फाइल की स्थिति जानने के लिए जेडएमईओ कार्यालय, नई अनाज मंडी, रोहतक पहुंचे तो वहां तैनात क्लर्क ने लाइसेंस बनवाने की एवज में उनसे ₹40,000 रिश्वत की मांग की।
शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो द्वारा मामले की जांच कर रेडिंग पार्टी गठित की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी क्लर्क को शिकायतकर्ता से ₹40,000 रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। पूरी कार्रवाई स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पारदर्शी तरीके से की गई।



