यमुनानगर। यमुनानगर पुलिस और कलेसर वन्य जीव विभाग की मुस्तैदी से वन्य जीवों की अवैध तस्करी के एक बड़े नेटवर्क पर करारी चोट पहुंची है। संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्लभ प्रजाति के 32 कछुओं की खेप बरामद की है और आरोपी के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

रात की गश्त के दौरान हत्थे चढ़ा तस्कर
घटना 1 सितंबर 2026 की रात लगभग 10:30 बजे की है। थाना गांधीनगर के पास गश्त के दौरान ई.एच.सी. गुरदीप ने मोटरसाइकिल पर एक संदिग्ध युवक को बैग ले जाते देखा। पुलिस को देखते ही आरोपी बैग और अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। आरोपी की पहचान आयुष सैनी  यमुनानगर) के रूप में हुई है।
बैग से मिले दुर्लभ और संरक्षित कछुए
पुलिस द्वारा बैग की तलाशी लेने पर उसमें से कुल 32 जीवित कछुए बरामद हुए:
  • 22 इंडियन स्टार टॉरटोइज़ (Indian Star Tortoise)
  • 10 ब्लैक पॉन्ड टर्टल (Black Pond Turtle)
सूचना मिलते ही वन्य जीव संरक्षक संजीव कुमार और सुमीत कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे और कछुओं को अपनी निगरानी में लिया।
सख्त धाराओं के तहत केस दर्ज, जांच जारी
थाना सिटी यमुनानगर में आरोपी आयुष सैनी के खिलाफ एफ.आई.आर. संख्या 0622 (दिनांक 02.09.2026) दर्ज की गई है। आरोपी पर वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की सख्त धाराओं (2, 9, 39, 42, 44, 49B, 50, 51 और 57) के तहत मुकदमा कायम किया गया है। मामले की आगामी जांच सहायक उप-निरीक्षक (ASI) प्रदीप कुमार कर रहे हैं।
प्राकृतिक आवास में छोड़े जाएंगे कछुए
अदालत के आदेशानुसार पूरी फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी प्रक्रिया के बाद सभी कछुओं को सुरक्षित वन्य जीव विभाग को सौंप दिया गया है।
“बरामद किए गए दोनों प्रजातियों के कछुए कानून के तहत अति-संरक्षित श्रेणी में आते हैं। अदालत के निर्देशानुसार सभी 32 कछुओं को विभाग की कस्टडी में ले लिया गया है और जल्द ही इन्हें इनके अनुकूल प्राकृतिक आवास (Natural Habitat) में सुरक्षित छोड़ दिया जाएगा। वन्य जीवों की तस्करी या इन्हें अवैध रूप से पालना गंभीर गैर-जमानती अपराध है, ऐसा करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”
लीलू राम, वन्य जीव निरीक्षक
पुलिस अब फरार आरोपी आयुष सैनी की तलाश में छापेमारी कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इन दुर्लभ कछुओं की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
Sharing

Leave a Reply

error: Content is protected !!