
कलेसर (यमुनानगर): कलेसर वाइल्ड लाइफ सेंचुरी एरिया के अराईयांवाला और टिब्बडियों जंगल से खैर के पेड़ काटकर बाजार में बेचने ले जा रही एक पिकअप गाड़ी को वाइल्ड लाइफ स्टाफ ने मुस्तैदी दिखाते हुए प्रतापनगर अनाज मंडी के पास दबोच लिया। हालांकि, तस्कर टीम को चकमा देकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
गुप्त सूचना पर की गई नाकाबंदी
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, वाइल्ड लाइफ स्टाफ को गुप्त सूचना मिली थी कि फैजपुर गांव के एक घर से पिकअप गाड़ी में अवैध रूप से काटी गई खैर की कीमती लकड़ियां लोड की गई हैं, जिन्हें बाजार में बेचने की तैयारी है। सूचना मिलते ही विभाग की टीम अलर्ट हो गई। टीम में शामिल अनुज, हरीश धीमान, छबीलदास ओर संजीव ने गाड़ी का पीछा करना शुरू किया। प्रतापनगर अनाज मंडी के पास स्टाफ ने गाड़ी को रोक लिया।
गाड़ी छोड़कर भागा ड्राइवर
जैसे ही पिकअप गाड़ी प्रतापनगर अनाज मंडी के पास पहुंची, वन्यजीव विभाग की टीम ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। खुद को घिरता देख और पकड़े जाने के डर से तस्कर (गाड़ी का ड्राइवर) वाहन को बीच सड़क पर ही छोड़कर रफूचक्कर हो गया।
मुख्य फैक्ट्स (मामले से जुड़े आंकड़े):
-
बरामदगी: टीम ने जब पिकअप गाड़ी की तलाशी ली, तो उसमें से खैर की लकड़ी के 42 पीस बरामद हुए।
-
कटे पेड़ों की संख्या: प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, तस्करों ने अराईयांवाला और टिब्ब्डियों के जंगलों से करीब 10 से 12 पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलाई है।
-
तस्करी का रूट: लकड़ियां सेंचुरी क्षेत्र से काटकर पहले फैजपुर के एक मकान में लाई गईं और फिर वहां से पिकअप में लोड कर बाजार ले जाई जा रही थीं।
कानूनी कार्रवाई जारी वाइल्ड लाइफ विभाग ने बरामद लकड़ी और पिकअप गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है। खबर लिखे जाने तक विभाग अपनी शिकायत तैयार कर रहा था, जिसे पुलिस को दिया जाना था, ताकि एफआईआर की जा सके।





