-ऑपरेशन ‘मैदान 2.0’: यमुनानगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
यमुनानगर।
नशे के सौदागरों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ यमुनानगर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “मैदान 2.0” के तहत पुलिस की 10 टीमों ने एक साथ थाना छप्पर क्षेत्र के गांव सारण सहित कई संवेदनशील इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी की।
इस हाई-प्रोफाइल रेड में अपराध शाखा-1, अपराध शाखा-2 और जिला पुलिस के करीब 150 अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। सुबह करीब 5 बजे हुई इस अचानक कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया।
बेरोजगार युवक के घर से मिला लाखों का कैश
मामले का खुलासा करते हुए डीएसपी रजत गुलिया ने अपराध शाखा-2 के प्रांगण में पत्रकारों को बताया कि पुलिस को गांव सारण में बड़े स्तर पर नशे का कारोबार होने की गुप्त सूचना मिली थी। इसी आधार पर जब पुलिस टीमों ने सारण निवासी सुभाष के घर पर रेड की, तो वहां तलाशी के दौरान भारी मात्रा में कैश बरामद हुआ।
डीएसपी ने बताया कि सुभाष पूरी तरह बेरोजगार है और कोई काम-धंधा नहीं करता, लेकिन उसके घर से 10 लाख 37 हजार 800 रुपये की नई करेंसी बरामद की गई है। इसके अलावा, घर से 60 हजार रुपये की पुरानी (बंद हो चुकी) करेंसी भी मिली है, जिसमें 500 और 1000 के नोट शामिल हैं।
“या तो धंधा छोड़ दो, या हम छुड़ा देंगे” — डीएसपी की खुली चेतावनी
डीएसपी रजत गुलिया ने नशा तस्करों को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा, “जिले में नशा तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तस्कर या तो यह काला धंधा छोड़ दें, वरना पुलिस उनका धंधा छुड़ाना अच्छे से जानती है।”
उन्होंने आगे कहा कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस की यह मुहिम आगे भी इसी तरह आक्रामक रूप से जारी रहेगी।




