पुलिस ने बरामद की बोलेरो कार,सबूत मिटाने व पुलिस से बचने के लिए बदली गाड़ी की बॉडी

पंचकूला- पंचकूला के एमडीसी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रोड भवन के समीप हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना के मामले को सुलझाते हुए पंचकूला पुलिस की डिटेक्टिव स्टाफ टीम ने आरोपी चालक को काबू करने में बड़ी सफलता हासिल की है। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई है, जबकि बच्चों सहित कई अन्य लोग घायल हुए थे। पकड़े गए आरोपी ने न केवल लापरवाही से गाड़ी चलाकर निर्दोष लोगों को टक्कर मारी, बल्कि पुलिस को चकमा देने के लिए अपनी गाड़ी के क्षतिग्रस्त हिस्सों को बदलकर सबूत मिटाने की कोशिश भी की थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दुर्घटना में शामिल सफेद रंग की बोलेरो गाड़ी बरामद कर ली है।

1 मई की रात करीब 9:35 बजे, रोशनी नामक युवती अपने परिवार और पड़ोसियों के साथ मनसा देवी मार्केट से लौट रही थी। जब वे रोड भवन के पास अपनी साइड पर चल रहे थे, तभी पीछे से आई एक तेज रफ्तार सफेद बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोशनी व उसकी माता मीना, शिवानी, हितेंद्र, धनवंती और नन्ही अर्चना गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से मीना की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें सेक्टर-32 चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहाँ उपचार के दौरान उनकी दुखद मृत्यु हो गई।

डीसीपी क्राइम एंड ट्रेफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि हमारी डिटेक्टिव स्टाफ की टीम ने इंस्पेक्टर निर्मल सिंह की अगुवाई में कड़ी मशक्कत के बाद सीसीटीवी खंगालने और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी का पता लगाया और 2 मई को आरोपी राम दत्त निवासी उत्तर प्रदेश हाल किराएदार महेशपुर, पंचकूला को मनीमाजरा मोटर मार्केट से काबू कर मनसा देवी थाना टीम को सौंप दिया गया।

आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि दुर्घटना के बाद उसने पकड़े जाने के डर से अपनी बोलेरो गाड़ी का फ्रंट बंपर, जाली और नंबर प्लेट बदलवा दी थी ताकि पुलिस उसे पहचान न सके। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106, 281 238 सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे आज न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Sharing

Leave a Reply

error: Content is protected !!