पंचकूला। रायपुररानी स्थित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (BDPO) ब्लॉक में मुख्यमंत्री उड़नदस्ते (सीएम फ्लाइंग) की औचक छापेमारी ने सरकारी महकमे में खलबली मचा दी है। इस रेड के दौरान एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां पंचायतों के खातों का ऑडिट करने के लिए नियुक्त की गई एक ऑडिटर की जगह कोई अन्य व्यक्ति काम करता हुआ पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम ने बीडीपीओ कार्यालय से कई पंचायतों का रिकॉर्ड अपने कब्जे में ले लिया है।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल
सूत्रों के मुताबिक, गुप्त सूचना के आधार पर रायपुररानी ब्लॉक सीएम फ्लाईंग ने छापा मारा जिसमें पता चला कि अधिकृत अधिकारी की जगह कोई दूसरा व्यक्ति सरकारी फाइलों को खंगाल रहे हैं। सूचना की पुष्टि होते ही उड़नदस्ते की टीम ने ब्लॉक की एक पंचायत में अचानक दबिश दी। टीम के पहुंचते ही वहां अफरातफरी मच गई, वहां कोई अन्य व्यक्ति खातों का ऑडिट कर रहा था।
दफ्तर से रिकॉर्ड जब्त, अधिकारियों ने साधी चुप्पी
पंचायत में गड़बड़ी पकड़ने के बाद सीएम फ्लाइंग की टीम सीधे रायपुररानी बीडीपीओ कार्यालय पहुंची और वहां से कई अन्य पंचायतों के ऑडिट से जुड़े दस्तावेज कब्जे में कर लिए।
-
बीडीपीओ का पक्ष: इस पूरे प्रकरण पर पक्ष जानने के लिए जब रायपुररानी के बीडीपीओ से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।
-
डीडीपीओ का बयान: पंचकूला के जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी (DDPO) विशाल ने पुष्टि की कि सीएम फ्लाइंग की ओर से उनके पास फोन आया था। टीम ने उनसे यह जानकारी मांगी थी कि संबंधित पंचायतों में किस ऑडिटर की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से ड्यूटी रोस्टर की जानकारी साझा कर दी गई है, हालांकि मौके पर हुई अन्य कार्रवाई के बारे में उन्हें विस्तृत जानकारी नहीं है
सरकारी गोपनीयता और नियमों से जुड़े इस संवेदनशील मामले की जानकारी लोकल ऑडिट से लेकर स्टेट ऑडिट विभाग के उच्चाधिकारियों तक पहुंच गई है। हालांकि, विभागीय स्तर पर इस मामले में क्या ठोस कार्रवाई की जा रही है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, क्योंकि जिम्मेदार अधिकारी इस पूरे प्रकरण पर कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं।





