शिवाजी नगर थाने के अतिरिक्त एसएचओ को एसवी एंड एसीबी गुरुग्राम की टीम ने रिश्वत लेते दबोचा
शिकायत का निपटारा करने के लिए मांगी थी रिश्वत, बातचीत के बाद 60 हजार रुपये में तय हुआ था सौदा
गुरुग्राम। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी) ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए गुरुग्राम के थाना शिवाजी नगर में तैनात सब इंस्पेक्टर, अतिरिक्त एसएचओ को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस अधिकारी के खिलाफ एफआईआर नंबर 50, दिनांक 22 नवंबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 308 के तहत थाना एसवी एंड एसीबी, गुरुग्राम में मामला दर्ज किया गया है।
शिकायत का निपटारा करने के नाम पर मांगी थी 2 लाख रुपये की रिश्वत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के जिला उत्तर दिनाजपुर निवासी शिकायतकर्ता वर्तमान में गुरुग्राम की ईएमएएआर प्लम हिल्स सोसायटी में किराये पर रह रहे हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, भूपेंद्र नामक व्यक्ति द्वारा उनके खिलाफ थाना शिवाजी नगर, गुरुग्राम में शिकायत दी गई थी। उक्त शिकायत का निपटारा करने तथा उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज न करने की एवज में आरोपी सब इंस्पेक्टर ने उनसे 2 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। बातचीत के बाद रिश्वत की राशि 60 हजार रुपये तय हुई।
30 हजार रुपये की पहली किस्त लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार
शिकायत के आधार पर एसवी एंड एसीबी गुरुग्राम की टीम ने जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी सब इंस्पेक्टर को शिकायतकर्ता से रिश्वत की 30 हजार रुपये की पहली किस्त लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई में ट्रैप का नेतृत्व एसवी एंड एसीबी गुरुग्राम यूनिट के प्रभारी इंस्पेक्टर जयपाल सिंह ने किया, जबकि राजपत्रित अधिकारी के रूप में धर्मेंद्र कुमार, एसडीओ, डीएचबीएनवीएल, गुरुग्राम उपस्थित रहे। ट्रैप की पूरी कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले में आगामी जांच जारी है।




