यमुनानगर/सढौरा। खंड कार्यालय सढौरा के अंतर्गत आने वाले गांव रसूलपुर की पंचायती जमीन से खैर के 12 पेड़ काट लिए गए। वन विभाग ने गाड़ी समेत एक आरोपी को काबू कर लिया। वन विभाग ने इस मामले में सढौरा पुलिस को शिकायत देकर मामला दर्ज करवाया है। पकड़ा गया आरोपी गांव जाटांवाला का रहने वाला है। जबकि अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार 22 फरवरी की सुबह करीब 5:30 बजे वन विभाग के दरोगा बलबीर सिंह व वन रक्षक रामकुमार की टीम गश्त के दौरान रसूलपुर जंगल में पहुंची। इसी दौरान जंगल की ओर से कच्चे रास्ते पर आती एक गाड़ी दिखाई दी। कर्मचारियों ने वाहन को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी को उनकी ओर मोड़कर चढ़ाने का प्रयास किया। टीम ने सतर्कता दिखाते हुए वाहन को काबू में लिया।

वाहन में सवार चालक व अन्य व्यक्ति मौके से भागने लगे, जिनमें से एक को मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम यासीन निवासी गांव जाटांवाला बताया। उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

वन विभाग के अनुसार आरोपियों ने ग्राम पंचायत भूमि से चोरी कर खैर के 12 पेड़ काटे थे। पकड़े गए वाहन (HR58E-1364, अशोक लेलैंड) में खैर की करीब 1.724 घन मीटर लकड़ी लदी हुई पाई गई। लकड़ी को जब्त कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार 29 जनवरी 2026 को भी आरक्षित वन क्षेत्र (आरएफ) से 11 खैर के पेड़ अवैध रूप से काटे गए थे, जिनकी लकड़ी पहले ही बरामद कर रेंज मुख्यालय में जमा करवाई जा चुकी है।
मामले में थाना सढौरा में मुकदमा नंबर 42 दिनांक 22 फरवरी 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(2) बीएनएस तथा भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 32 व 33 के तहत दर्ज किया गया है।

Sharing

Leave a Reply

error: Content is protected !!