फतेहाबाद: फतेहाबाद में स्वास्थ्य एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए सोमवार को तहसील चौक क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान एक व्यक्ति के कब्जे से 54 एमटीपी किट (कॉन्ट्राकिट टैबलेट कॉम्बीपैक, जिसमें मिफेप्रिस्टोन और मिसोप्रोस्टोल शामिल हैं) बरामद की गईं।
कार्रवाई का विवरण
संयुक्त टीम में डॉ. निरपाल चंद (नोडल अधिकारी, PNDT/MTP), दिनेश कुमार (ड्रग्स कंट्रोल ऑफिसर, फतेहाबाद-I) तथा एएनसी फतेहाबाद के एसआई शिशपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस दल शामिल था।
कहां से हुई बरामदगी
यह बरामदगी तहसील चौक स्थित शनि मंदिर के पास की गई। आरोपी की पहचान हिमांशु के रूप में हुई है।
लाइसेंस नहीं दिखा सका आरोपी
आरोपी से जब दवाओं के संबंध में वैध ड्रग लाइसेंस या कोई अधिकृत दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया तो वह ऐसा करने में असफल रहा। बरामद सभी एमटीपी किट को ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 एवं इसके अंतर्गत बनाए गए नियमों के तहत फॉर्म-17 में जब्त किया गया।
सैंपल जांच के लिए भेजा
बरामद दवाओं का एक नमूना परीक्षण एवं विश्लेषण के लिए हरियाणा के सरकारी विश्लेषक को भेज दिया गया है। मौके पर ही आरोपी को नोटिस जारी किया गया तथा जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





