पंचकूला । पिंजौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत अमरावती क्षेत्र में बुर्जकोटियां गांव की नदी के पास अवैध खनन की सूचना मिलने पर पुलिस ने रेड की। मौके से दो जेसीबी मशीनों को कब्जे में लिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, पिंजौर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बच्चू सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम इलाके में रात्रि गश्त पर तैनात थी। रात करीब 2 बजे जब टीम अमरावती क्षेत्र में बुर्जकोटियां गांव के समीप नदी के पास पहुंची, तो वहां अंधेरे में तेज रोशनी दिखाई दी। संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां पहुंचने पर पुलिस कर्मियों ने देखा कि दो जेसीबी मशीनें नदी में अवैध रूप से खनन कार्य में लगी हुई थीं। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों मशीनों को अपने कब्जे में ले लिया।
दोनों जेसीबी मशीनों को तुरंत अमरावती पुलिस चौकी लाया गया और इस संबंध में माइनिंग विभाग को सूचित कर दोनों वाहनों को इंपाउंड कर लिया गया था।
अवैध खनन नहीं किया जाएगा बर्दाश्त:
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमारी टीम सभी माइनिंग जोन और संवेदनशील इलाकों पर चौबीसों घंटे पैनी नजर रखे हुए है। अवैध खनन को रोकने के लिए लगातार सीसीटीवी कैमरों की मदद, औचक निरीक्षण और रात्रि गश्त के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है। हमारा उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों की चोरी रोकना और पर्यावरण को नुकसान पहुँचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है।




