–नगर निगम की टीम ने जगाधरी रेस्ट हाउस रोड पर खुले में कचरा फैलाने पर की कार्रवाई
जगाधरी। खुले में गंदगी फैलाने पर नगर निगम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। दो दिन पहले नगर निगम द्वारा जहां तीन ट्रैक्टर ट्रॉली चालकों व पांच दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। वहीं, अब जगाधरी में खुले में गंदगी डालने पर पंजाब नेशनल बैंक समेत छह दुकानदारों के चालान किए गए। यह कार्रवाई सफाई निरीक्षक अमित, सहायक सफाई निरीक्षक सचिन की टीम ने रेस्ट हाउस रोड पर की। बैंक व दुकानदारों ने दुकानों के आगे खुले में कचरा डाला हुआ था।
निगम की टीम ने बैंक स्टाफ व दुकानदारों को गंदगी डालने के लिए डस्टबिन का इस्तेमाल करने और खुले में गंदगी न फैलाने के प्रति समझाया। निगम अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण के मद्देनजर शहर की साफ-सफाई को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार ने आमजन और व्यापारियों से अपील की कि वे शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें और खुले में कचरा फैलाने से बचें, ताकि शहर को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाया जा सके। शहर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकता है। खुले में कचरा फैलाने वालों के खिलाफ नियमित रूप से सख्त अभियान चलाए जाएंगे। दुकानदारों और वाहन चालकों को नियमों का पालन करना होगा। यदि भविष्य में कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाते पाया गया तो उसके खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


