यमुनानगर। थाना शहर यमुनानगर की पुलिस टीम ने टैगोर गार्डन में फर्जी तरीके से प्रापर्टी बेचने के मामले में मामले में नगर निगम के बिल्डिंग इंस्पेक्टर रामपाल मान को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
थाना प्रबंधक नरेंद्र राणा ने बताया कि फरीदाबाद के सेक्टर 8 निवासी योगेश शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी एक प्रापर्टी यमुनानगर में टैगोर गार्डन में है। इस प्रापर्टी पर विवाद चल रहा है। जिसके चलते कोर्ट से स्टे लिया हुआ है। आरोप है कि विक्रम बक्शी व विशाल बक्शी दोनों भाइयों ने नगर निगम के अधिकारियों से मिलीभगत कर इस प्रापर्टी पर नई प्रापर्टी आइडी बनाई। करोड़ों की इस प्रापर्टी को धोखे से सस्ते में बेच दिया गया। इस मामले में पुलिस ने जांच की। पुलिस ने आरोपियों को बुलाया गया लेकिन वह पेश नहीं हुए।
इसके बाद नगर निगम से रिकार्ड लिया गया। जिसमें पता लगा कि आरोपियों ने नगर निगम के बिल्डिंग इंस्पेक्टर रामपाल मान के साथ मिलकर यह प्रापर्टी आइडी बनाई है। 140 गज की यह प्रापर्टी थी। इस पर कोर्ट का स्टे भी था। इसके बावजूद 28 अक्टूबर 2024 को रात को आठ बजकर 55 मिनट पर नई प्रापर्टी आइडी के लिए अप्लाई किया गया। नौ बजकर 46 मिनट पर नई प्रापर्टी आइडी तैयार कर दी गई और बेच दिया गया। जांच अधिकारी एएसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।