छछरौली तहसीलदार आनंद रावल ने छछरौली क्षेत्र के गाँव मांडखेड़ी, पंजेटो सहित आसपास के कई गाँवों का दौरा कर किसानों को किसान आईडी के महत्व के प्रति जागरूक किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भविष्य में सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसान आईडी अनिवार्य होगी और इसके बिना योजनाओं का लाभ मिलना कठिन हो जाएगा।
तहसीलदार ने बताया कि सरकार के निर्देशों के तहत पटवारी गाँव-गाँव जाकर किसानों का पंजीकरण कर रहे हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि पटवारी के दौरे के दौरान ही अपना पंजीकरण अवश्य करवा लें, ताकि बाद में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि किसान आईडी बनने के बाद किसानों को कई महत्वपूर्ण लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से मिल सकेंगे। किसान आईडी के प्रमुख लाभों में सरकारी योजनाओं का सीधा व त्वरित लाभ, पीएम-किसान योजना में सरल पंजीकरण, बीज, खाद व कीटनाशकों पर सब्सिडी, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) बनवाने में सुविधा, फसल बीमा योजना में शीघ्र पंजीकरण, बैंक कृषि ऋण पर ब्याज में रियायत, मंडियों में फसल विक्रय के लिए वैध पहचान तथा सरकारी प्रशिक्षण और अनुदान योजनाओं में प्राथमिकता शामिल है।
इसके साथ ही तहसीलदार आनंद रावल ने बताया कि कई महत्वपूर्ण भुगतान और सहायता सीधे किसान आईडी से जुड़े होंगे। इनमें फसल खराब होने पर मुआवजा राशि का वितरण, पीएम-किसान की ₹2000 की किस्त, भूमि पंजीकरण में आवश्यक दस्तावेज के रूप में उपयोग, विभिन्न विभागों द्वारा दी जाने वाली आर्थिक सहायता तथा खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भुगतान शामिल हैं।
अंत में तहसीलदार ने सभी किसानों से समय रहते अपनी किसान आईडी बनवाने की अपील करते हुए कहा कि इससे भविष्य में मिलने वाली सभी सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी रुकावट के प्राप्त किया जा सकेगा।


