यमुनानगर: वन्य प्राणी विभाग की टीम ने कलेसर वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले खिल्लावाला जंगल में लकड़ी तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने मौके से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक बाइक और खैर की लकड़ी बरामद की है, हालांकि आरोपी घनी झाड़ियों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।
कैसे हुई कार्रवाई?
शिकायत रिपोर्ट के अनुसार, 2 मार्च 2026 की सुबह लगभग 7:00 बजे खिल्लावाला बीट इंचार्ज छबीलदास (वन रक्षक) और ब्लॉक इंचार्ज अनुज कुमार गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग जंगल से बेशकीमती खैर की लकड़ी काटकर बाइक पर ले जाने की फिराक में हैं।
सूचना मिलते ही टीम ने घेराबंदी शुरू की। सुबह 8:00 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति बाइक पर लकड़ी लादकर आता दिखाई दिया। टीम को देखते ही आरोपी बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागने लगा। वन कर्मियों ने पीछा किया, लेकिन आरोपी झाड़ियों में ओझल हो गया। इसके साथ ही उसका एक अन्य साथी भी जो पीछे आ रहा था, लकड़ी छोड़ कर फरार हो गया।
आरोपियों की हुई पहचान
फरार आरोपियों की पहचान मुस्तकीम और माजिद (निवासी गांव खिल्लावाला) के रूप में हुई है। वन्य प्राणी विभाग ने इनके खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं (जैसे धारा 50, 51, 55 आदि) के तहत रिपोर्ट दर्ज कर लिया है।
बरामदगी का विवरण
-
वाहन: एक हीरो स्पलेंडर बाइक
-
लकड़ी: खैर की लकड़ी के कुल 6 लट्ठे (3 छिली हुई और 3 बिना छिली), जिनका कुल वॉल्यूम 0.224 मापा गया है।
-
नुकसान: विभाग को जांच के दौरान 2 कटे हुए खैर के पेड़ और कुल्हाड़ी के निशान मिले हैं।


