यमुनानगर/छछरौली: यमुनानगर के ग्राम पंचायत इब्राहिमपुर में अवैध खनन का काला कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। खनन माफियाओं की बढ़ती दबंगई और जानलेवा धमकियों से परेशान होकर पंचायत द्वारा बीडीपीओ कार्यालय से गुहार लगाई गई है। पंचायत के प्रस्ताव के आधार पर बीडीपीओ कार्यालय छछरौली द्वारा डीसी को पत्र भेजा गया है, जिसमें कार्रवाई करने व अस्थाई चौकी स्थापित करने के लिए लिखा गया है।

माफियाओं की गुंडागर्दी: डंपर चढ़ाने और जान से मारने की धमकी

खण्ड विकास एवं पंचायत अधिकारी, छछरौली द्वारा उपायुक्त को लिखे पत्र के अनुसार, इब्राहिमपुर और ताहरी क्षेत्र में खनन माफिया जोर-जबरदस्ती से अवैध खनन कर रहे हैं । जब भी सरपंच या ग्रामीणों द्वारा गठित ‘ठीकरी पहरा कमेटी’ इन्हें रोकने की कोशिश करती है, तो माफिया उन्हें जान से मारने की धमकी देते हैं । इतना ही नहीं, विरोध करने वालों पर डंपर चढ़ाने तक का प्रयास किया जाता है ।

अवैध हथियारों के साये में ग्रामीण

रिपोर्ट में इस बात का भी खुलासा हुआ है कि खनन माफिया अपने साथ अवैध हथियार लेकर आते हैं, जिससे सरपंच और कमेटी के सदस्यों की जान को हर वक्त खतरा बना रहता है । ग्राम पंचायत का क्षेत्रफल बड़ा होने के कारण उसकी निगरानी करना पंचायत के लिए अकेले संभव नहीं हो पा रहा है ।

प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग

पंचायत का आरोप है कि पुलिस और संबंधित विभाग को कई बार सूचना देने के बावजूद खनन माफियाओं को फर्क नहीं पड़ रहा है। इसी के मद्देनजर ग्राम पंचायत ने एक प्रस्ताव पारित कर पुलिस सुरक्षा की मांग की थी । बीडीपीओ  कार्यालय छछरौली ने उपायुक्त से सिफारिश की है कि अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए गाँव में तुरंत अस्थायी पुलिस चौकी स्थापित की जाए । इस मामले की प्रतियां पुलिस अधीक्षक, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी और जिला खनन अधिकारी को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई हैं ।

Sharing

Leave a Reply

error: Content is protected !!